- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच चुनाव प्रचार और जुबानी जंग तेज हो गई है
- ममता बनर्जी ने दमदम हवाई अड्डे पर अपनी गाड़ी की चेकिंग को लेकर भाजपा और केंद्र सरकार पर आरोप लगाए हैं
- भाजपा के दिलीप घोष ने कहा कि चुनाव आयोग को सभी नेताओं के वाहनों की जांच करने का अधिकार प्राप्त है
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव प्रचार चरम सीमा पर है. इस बार प्रदेश में तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच कांटे की टक्कर हो रही है और दोनों ही दलों के बीच जुबानी जंग चल रही है. इसी कड़ी में अब दोनों पार्टियों के बीच गाड़ियों की चेकिंग को लेकर बयानबाजी हो रही है. ममता बनर्जी ने चुनाव प्रचार के दौरान अपने वाहन की चेकिंग किए जाने को लेकर बीजेपी और केंद्र सरकार पर हमला बोला है जिसके बाद बीजेपी ने भी उन्हें जवाब दिया है.
पश्चिम बंगाल की खड़गपुर सदर से भाजपा उम्मीदवार दिलीप घोष ने चुनाव के दौरान वाहनों की जांच को लेकर ममता बनर्जी की आपत्ति को खारिज करते हुए कहा कि चुनाव आयोग को किसी की भी आवाजाही की जांच करने का अधिकार है. दिलीप घोष ने कहा कि सुरक्षाकर्मी खुद उनकी भी गाड़ी की चेकिंग करते रहते हैं.
'अमित शाह का विमान भी चेक हुआ है'
दिलीप घोष ने कहा,"चुनाव आयोग का अधिकार है कि वह किसी भी नेता के वाहन की चेकिंग कर सकता है. जब गृह मंत्री के विमान की चेकिंग हो सकती है. जब मेरी गाड़ी की चेकिंग हो सकती है तो मुख्यमंत्री क्या है? मुख्यमंत्री हैं तो कुछ भी कर सकते हैं क्या? चेकिंग जरूर होनी चाहिए, किसी की भी होनी चाहिए. चुनाव आयोग का यह काम है."
देखिए दिलीप घोष ने क्या कहा-:
'प्रधानमंत्री, गृह मंत्री की गाड़ी की जांच क्यों नहीं?'
इससे पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक जनसभा में आरोप लगाया कि केंद्रीय बलों ने दमदम हवाई अड्डे पर उनकी गाड़ी की जांच करने के लिए संपर्क किया. ममता ने कहा,"दमदम हवाई अड्डे पर केंद्रीय बलों ने मेरी गाड़ी को रोका. मैंने उनसे कहा कि वे जांच कर लें. लेकिन अगर टीएमसी नेताओं की जांच हो रही है, तो प्रधानमंत्री की क्यों नहीं? गृह मंत्री की गाड़ी की जांच क्यों नहीं? भाजपा की गाड़ियों की जांच क्यों नहीं? क्या चुनाव इसी तरह होंगे?"
चुनावी सभा में ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग पर पक्षपात का आरोप लगाया
Photo Credit: IANS
बनर्जी ने केंद्रीय अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा, "इस देश में क्या हो रहा है? वे देश को खतरे में डाल रहे हैं. केंद्रीय मंत्री यहां पैसे लेकर आते हैं. केंद्रीय बलों की गाड़ियों में क्या-क्या होता है, ये मुझे पता है. अगर हिम्मत है, तो किसी और की जांच करने से पहले मेरी गाड़ी की हर दिन जांच करें."
ये भी पढ़ें-: 'अगर आपमें हिम्मत है, तो आप हर दिन मेरी कार की जांच करें...' : EC से बोलीं CM ममता बनर्जी














