मुंबई के घाटकोपर ईस्ट से बीजेपी विधायक और महाराष्ट्र के सबसे अमीर विधायकों में गिने जाने वाले पराग शाह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में वह भिखारी के कपड़ों में सड़कों पर घूमते नजर आ रहे हैं. उन्हें इस रूप में देखकर लोग हैरान रह गए, क्योंकि आमतौर पर पराग शाह एक बड़े कारोबारी और प्रभावशाली नेता के तौर पर पहचाने जाते हैं. उनकी कुल संपत्ति करीब 3,000 करोड़ रुपये है.
जैन गुरुओं की सलाह पर किया यह प्रयोग
जानकारी के मुताबिक, पराग शाह ने एक जैन धर्मगुरु की सलाह पर यह अनोखा प्रयोग किया. गुरु ने उन्हें जीवन की वास्तविकताओं को करीब से समझने और विनम्रता का अनुभव करने के लिए एक दिन भिखारी के वेश में बिताने की सलाह दी थी.
दिनभर सड़कों पर घूमते रहे, लोग पहचान नहीं पाए
दिलचस्प बात यह रही कि पूरे दिन सड़कों पर घूमने के बावजूद ज्यादातर लोग उन्हें पहचान नहीं पाए. आम लोगों की तरह उन्होंने सड़कों पर समय बिताया और लोगों की प्रतिक्रियाओं को करीब से देखा.
सोशल मीडिया पर तस्वीरें वायरल
इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी काफी चर्चा हो रही है. कुछ लोग इसे आत्मचिंतन और सादगी से जोड़कर देख रहे हैं, तो कुछ इसे एक अनोखा सामाजिक प्रयोग बता रहे हैं.
कौन हैं पराग शाह?
पराग शाह बीजेपी विधायक हैं और नेता हैं. उनकी गिनती देश के सबसे अमीर विधायकों में होती है. उन्होंने अपने चुनावी सफर की शुरुआत साल 2017 में बीएमसी के चुनाव से की थी, जहां उन्होंने वार्ड नंबर 132 से पार्षद का चुनाव जीता था. साल 2019 में बीजेपी ने घाटकोपर पूर्व से पराग शाह को उम्मीदवार बनाया था. इस चुनाव में उन्होंने भारी मतों से जीत हासिल की. 2024 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में उन्होंने इसी सीट से फिर चुनाव जीता.
पराग शाह अपनी भारी-भरकम संपत्ति के लिए देश भर में जाने जाते हैं. साल 2024 के चुनावी हलफनामे के अनुसार, पराग शाह और उनकी पत्नी की कुल संपत्ति 3383 करोड़ से ज्यादा है, जो उन्हें महाराष्ट्र का सबसे अमीर विधायक और देश के सबसे अमीर विधायकों की लिस्ट में शामिल करती है. राजनीति में आने से पहले पराग शाह एक बेहद सफल रियल एस्टेट डेवलपर रहे हैं.
यह भी पढ़ें: योगी के मंत्री संजय निषाद की सपा नेता माता प्रसाद पांडेय से मुलाकात, भाजपा को दे चुके हैं हार की चेतावनी