BJP Foundation Day Updates: भाजपा आज अपना 47वां स्थापना दिवस मना रही है. भारत में आज 21 राज्यों में भाजपा या उसके गठबंधन वाली एनडीए सरकार है. लेकिन केरलम, बंगाल, तेलंगाना जैसे राज्यों में वो अभी तक सरकार नहीं बना सकी है. तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों भी उसकी सिर्फ गठबंधन वाली सरकार ही रही है. बीजेपी न केवल दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और उसके 18 करोड़ से अधिक सदस्य हैं. भाजपा देश की सबसे अमीर पार्टी भी मानी जाती है. एडीआर की रिपोर्ट के अनुसार, वित्त वर्ष 2024-25 में पार्टी की आय 6769 करोड़ रुपये रही. देश में अभी हरियाणा, राजस्थान, गुजरात, दिल्ली, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, गोवा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, नगालैंड, त्रिपुरा, मेघालय, मिजोरम, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर, बिहार और आंध्र प्रदेश में भाजपा या एनडीए सरकार है.
गुजरात में 31 सालों से सरकार
गुजरात में 31 साल से बीजेपी सरकार है. केशुभाई पटेल, सुरेश मेहता, शंकर सिंह वाघेला और दिलीप पारिख 1995 से 1998 के बीच सीएम रहे. वर्ष 1998 में केशुभाई दूसरी बार मुख्यमंत्री बने और गुजरात के भुज में भूकंप के बाद वर्ष 2001 में नरेंद्र मोदी गुजरात में मुख्यमंत्री बने. बीजेपी ने 2022 में रिकॉर्डतोड़ जीत के साथ 156 सीटें जीती थीं. अभी भूपेंद्र पटेल मुख्यमंत्री हैं और अगले साल राज्य में विधानसभा चुनाव होने हैं.
BJP 46th Foundation Day
मध्य प्रदेश में 20 वर्षों से बीजेपी
मध्य प्रदेश में करीब 20 साल से अधिक समय से (15 महीने का कांग्रेस शासन छोड़कर, 2018–2020) से बीजेपी सरकार है. इसमें अब केंद्रीय मंत्री बन चुके शिवराज सिंह चौहान से लेकर मोहन यादव का शासन शामिल है.
हरियाणा में बीजेपी की हैट्रिक
हरियाणा में हर बार विधानसभा चुनाव में सत्ता बदलने का ट्रेंड बीजेपी तोड़ चुकी है.वहां भाजपा की 2014 से सरकार है. मनोहर लाल खट्टर के बाद नायब सिंह सैनी सीएम हैं.पिछड़ा वर्ग की लामबंदी के साथ जाटों और दलितों के भी समर्थन के बदौलत हरियाणा में वो सरकार की हैट्रिक लगा चुकी है.
यूपी में योगी आदित्यनाथ सरकार
उत्तर प्रदेश में 2017 से योगी आदित्यनाथ सरकार चला रहे हैं. बीजेपी ने यहां सपा के एमवाई समीकरण और मायावती के दलितों की पकड़ को कमजोर करते हुए हिन्दुत्व के सहारे प्रचंड बहुमत से जीत हासिल की थी. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव अगले साल 2027 में होने हैं.
पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव
बीजेपी भी पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव लड़ रही है. इसमें असम में वो हैट्रिक बनाने की चुनौती का सामना करेगी.जबकि तमिलनाडु में एआईएडीएमके साथ सत्ता में वापसी की कोशिश कर रही है. बंगाल में बीजेपी पहली बार कमल खिलाने के लिए जी जान से प्रयास कर रही है. केरलम में भी वो कमाल करने की कोशिश कर रही है.
बीजेपी से जुड़े दिलचस्प तथ्य
1. दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी
BJP सदस्यों के मामले में दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है. इसने चीन की कम्युनिस्ट पार्टी (CPC) को भी पीछे छोड़ दिया है. पार्टी के 18 करोड़ से ज्यादा सदस्य हैं.
2. पहली गैर कांग्रेसी सरकार का पूरा कार्यकाल
भारतीय राजनीति के इतिहास में अटल बिहारी वाजपेयी पहले ऐसे गैर कांग्रेसी प्रधानमंत्री थे, जिन्होंने अपना 5 साल का कार्यकाल (1999-2004) पूरा किया. पीएम मोदी की अगुवाई में पहली बार बीजेपी के पूर्ण बहुमत वाली सरकार 2014 में बनी थी. वो पीएम के तौर पर तीसरा कार्यकाल चला रहे हैं.
3. दो सीटों से शुरुआत
1984 के लोकसभा चुनावों में BJP को पूरे देश में सिर्फ 2 सीटें मिली थीं.उन दो सांसदों में से एक एके पटेल (गुजरात) और दूसरे जंगा रेड्डी आंध्र प्रदेश के हनमकोंडा से जीते थे. वहां से 2014 में पहली बार उसने अकेले पूर्ण बहुमत हासिल किया.
4. कमल चुनाव चिन्ह
कमल चुनाव चिन्ह बीजेपी के निशान के साथ भारत का राष्ट्रीय फूल है. 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के दौरान रोटी और कमल प्रतीक थे. भारतीय जनता पार्टी इसे भारतीय संस्कृति और राष्ट्रीय गौरव से जोड़ती है.
5. जनसंघ से बीजेपी का सफर
BJP का जन्म दूसरे दलों से वैचारिक तौर पर जुड़ा रहा है. इसकी जड़ें 1951 में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के भारतीय जनसंघ में हैं. 1977 में आपातकाल के बाद जनसंघ का विलय जनता पार्टी में हो गया था, लेकिन फिर वैचारिक मतभेदों के कारण 6 अप्रैल 1980 को भारतीय जनता पार्टी का गठन हुआ.
6. पीएम मोदी का रिकॉर्ड
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबसे लंबे समय तक सरकार के प्रमुख रहने वाले नेता बन गए हैं, गुजरात के CM और भारत के PM के कार्यकाल को मिलाकर उन्होंने ये रिकॉर्ड तोड़ा है. सिक्किम के पूर्व CM पवन चामलिंग के 8930 दिनों के रिकॉर्ड को तोड़ा है.
7. गांधीवादी समाजवाद का दौर
बीजेपी हिंदुत्व और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के लिए जानी जाती है, लेकिन 1980 में अपनी स्थापना से बीजेपी ने गांधीवादी समाजवाद (Gandhian Socialism) को मुख्य विचारधारा के तौर पर अपनाया था. पार्टी ने 1985 में पार्टी ने एकात्म मानववाद को अपनी फिलॉसफी माना.














