Bihar News: राम नवमी मेला देखकर लौट रहे दोस्तों की कार नदी में गिरी, 3 की मौत; एक अब भी लापता

Bihar News: बिहार के मधेपुरा में भीषण सड़क हादसा घटित हुआ है. गवालपारा मेला देखकर लौट रहे 4 दोस्तों की कार सुरसर नदी में गिरी, जिसमें 3 की मौत, एक लापता है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
Madhepura Car Accident
IANS

Madhepura News: बिहार के मधेपुरा जिले से बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है. जिले के अरार थाना क्षेत्र में एक कार दुर्घटना में तीन दोस्तों की मौत हो गई. सभी दोस्त एक कार से मेला देखकर वापस लौट रहे थे.  अचानक  कार अनियंत्रित होकर सुरसर नदी में जा गिरी. शुक्रवार देर रात अरार थाना क्षेत्र के अरार पुल के पास हुए इस भीषण हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक अब भी लापता है.

अनियंत्रित होकर पोल तोड़ते हुए नदी में समाई कार

बताया जा रहा है कि राम नवमी के मौके पर गवालपारा में मेला का आयोजन किया गया था.  मधेपुरा से चार दोस्त देर शाम गवालपारा मेला देखने गए थे और रात को एक कार से वापस लौट रहे थे.  जब कार अरार पुल के समीप पहुंची, तो चालक का कार पर से नियंत्रण हट गया और कार अनियंत्रित होकर एक पोल तोड़ते हुए सुरसर नदी में जा गिरी. इस घटना में तीन दोस्तों की मौत हो गई.

SDRF की टीम चौथे युवक की तलाश में जुटी

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद कार को नदी से बाहर निकाला गया और तीन शवों को बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, कार में कुल चार लोग सवार थे, जिनमें से एक युवक का अब तक सुराग नहीं मिल सका है. फिलहाल SDRF की टीम नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है.

मृतकों की पहचान  घनश्याम कुमार (28), अंकित कुमार (26),  वसंत कुमार (23) के रूप में हुई है. कार को नदी से बाहर निकाल लिया गया है. पुलिस ने सभी शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

Advertisement

 परिजनों का रो-रोकर हुआ बुरा हाल

घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. बताया जा रहा है कि सभी युवक अच्छे दोस्त थे और साथ में मेला देखने गए थे. घटना के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
Featured Video Of The Day
Bengaluru vs Hyderabad Today Match: आंकड़ों के लिहाज से कौन है आज के मैच में भारी? | IPL 2026