पश्चिम बंगाल में चुनावी जंग के माहौल में उत्तर प्रदेश के आईपीएस अफसर अजय पाल शर्मा और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के उम्मीदवार जहांगीर खान के बीच जुबानी जंग छिड़ गई है. इस मामले में पहले शर्मा ने जहांगीर खान को चेतावनी दी. इसके बाद अब जहांगीर खान ने भी उन्हें जवाब दिया है और सीधे-सीधे अजय पाल शर्मा को चेतावनी दी है. पश्चिम बंगाल में चुनाव में अजय पाल शर्मा को दक्षिण 24 परगना जिले में बतौर पर्यवेक्षक तैनात किया गया है. दक्षिण 24 परगना ममता बनर्जी के भतीजे और तृणमूल सांसद अभिषेक बनर्जी का गढ़ है. शर्मा ने वहां अपनी ड्यूटी के दौरान फाल्टा सीट से टीएमसी के उम्मीदवार जहांगीर खान को सख्त लहजे में चेतावनी दी है. शर्मा ने इस वीडियो में जहांगीर के घर वालों के ज़रिए चेतावनी दी.
IPS अजय पाल शर्मा का वीडियो
दरअसल ऐसा बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने शिकायत दर्ज कराई थी कि जहांगीर खान के समर्थक लोगों को डरा रहे हैं. इसी सिलसिले में अजय पाल शर्मा कल, सोमवार 27 अप्रैल को केंद्रीय सुरक्षाबलों के साथ जहांगीर खान के घर गए. यहां पहुंचकर उन्होंने कहा,"अगर किसी ने बदमाशी की तो कायदे से इलाज किया जाएगा. जहांगीर के घर वाले भी खड़े हैं. उसके बता देना कायदे से. ये बार-बार जो खबर आ रही है कि जहांगीर के लोग धमका रहे हैं तो फिर अच्छे से खबर लेंगे. फिर बाद में रोना और पछताना मत करना."
भारतीय जनता पार्टी की पश्चिम बंगाल इकाई ने अजय पाल शर्मा का वीडियो शेयर किया है. इसमें लिखा गया है - "उत्तर प्रदेश पुलिस के एनकाउंटर स्पेशलिस्ट और सिंघम कहे जाने वाले अजय पाल शर्मा को दक्षिण 24 परगना में पुलिस पर्यवेक्षक के रूप में तैनात किया गया है. उन्होंने अभी-अभी भाईपो (भतीजे) के गुर्गे जहांगीर खान के परिवार वालों को कड़ी चेतावनी दी है."
जहांगीर खान का वीडियो
अजय पाल शर्मा का ये वीडियो सामने आने के बाद अब जहांगीर खान का भी एक वीडियो सामने आया है. जहांगीर ने इसमें माइक हाथ में थामे अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि खेला उन्होंने शुरू किया है लेकिन इसका अंत हम करेंगे. जहांगीर इसमें कहते हैं,"आज वो काफी खेल दिखा रहे हैं, खेल उन्होंने शुरू किया है, लेकिन खत्म हम करेंगे. पिक्चर अभी बाकी है मेरे दोस्त. तुम्हें लग रहा है कि सीआरपीएफ को लेकर हमें डरा दोगे, लेकिन इस सीट पर हम पैदल भी चले जाएंगे तो तुम्हारे सीआरपीएफ की हवा निकल जाएगी."
जहांगीर खान ने बीजेपी को चुनौती देते हुए कहा,"बीजेपी के लोगों मैं तुमसे कहूंगा कि यहां आकर जनसमुद्र देखकर जाओ. यहां एक-एक मेरी मां दुर्गा है. वे जानती हैं कि दुर्गा रूप में किस तरह असुर का वध किया जाता है. और उन्हें इसी तरह पता है कि सीआरपीएफ और बीजेपी को कैसे टाइट किया जाता है. तो जब मांएं हमारे साथ हैं तो हमें पूरा विश्वास है कि उनकी धमकियों का हम पर कोई असर नहीं पड़नेवाला है."
ये भी पढ़ें-: कौन हैं UP के IPS अफसर अजय पाल शर्मा, जिन्होंने TMC उम्मीदवार से कहा- 'अच्छे से खबर लेंगे'














