जाहिद अख्तर (औरैया): उत्तर प्रदेश के औरैया में बारात के दौरान रौब जमाने की कोशिश दूल्हे के भाई युवक को भारी पड़ गई. सेल्फी लेते समय उसका नया iPhone 17 Pro गंदे नाले में जा गिरा. फोन को बचाने के लिए युवक तुरंत नाले में उतर गया, लेकिन कई घंटों की मशक्कत के बावजूद मोबाइल नहीं मिल सका. मामला औरैया सदर कोतवाली क्षेत्र के तकिया चौराहा सत्ती तालाब इलाके का है.
जानकारी के अनुसार, कानपुर से अपने फुफेरे भाई की शादी में शामिल होने आए युवक ने उसी दिन iPhone 17 Pro खरीदा था. बारात में पहुंचते ही वह नए फोन से सेल्फी और वीडियो बनाने में जुट गया.
इसी दौरान डांस करते हुए या सेल्फी लेते समय उसका संतुलन बिगड़ गया और महंगा फोन सीधे नाले में जा गिरा. फोन गिरते ही युवक घबरा गया और तुरंत नाले में उतरकर उसे ढूंढने लगा.
घटना के बाद बारात कुछ देर के लिए रुक गई और नाले के पास लोगों की भीड़ जमा हो गई. युवक घंटों तक गंदे पानी में फोन तलाशता रहा, लेकिन उसे सफलता नहीं मिली.
इस पूरी घटना का वीडियो किसी ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसमें युवक नाले में फोन ढूंढता नजर आ रहा है और आसपास बारातियों की भीड़ लगी हुई है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक शादी में इम्प्रेशन जमाने के लिए नया आईफोन लेकर आया था, लेकिन सेल्फी का शौक उस पर भारी पड़ गया. फिलहाल फोन बरामद नहीं हो सका है.














