जुबिन गर्ग की Range Rover बिक्री पर बवाल, बहन के बचाव आए CM हिमंत बोले- परिवार के फैसले का सम्मान करें

इस मामले में सरमा ने खुलासा किया कि उन्होंने पहले जुबिन गर्ग के परिवार को राज्य सरकार की ओर से मासिक आर्थिक सहायता लेने का आग्रह किया था. हालांकि गरिमा सैकिया गर्ग ने यह प्रस्ताव ठुकरा दिया था.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
जुबिन गर्ग की Range Rover बिक्री पर CM हिमंत ने भी बयान दिया है.

असम के लोकप्रिय दिवंगत गायक जुबिन गर्ग की पसंदीदा Range Rover Velar की कथित बिक्री ने राज्य में बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है. बताया जा रहा है कि गुवाहाटी के अज़ारा निवासी सोनमोनी दास ने यह लग्जरी SUV खरीदी है. उनका कहना है कि यह खरीद सिर्फ एक वाहन लेने के लिए नहीं बल्कि जुबिन गर्ग के प्रति सम्मान और भावनात्मक जुड़ाव की वजह से की गई. मामला तब चर्चा में आया जब TMC नेता दुलू अहमद ने सार्वजनिक रूप से इस बिक्री पर सवाल खड़े किए और इसे लोगों की भावनाओं से जुड़ा मुद्दा बताया.

दुलू अहमद ने उठाए सवाल

दुलू अहमद ने कहा कि उन्होंने कार के नए मालिक से बात की और उनसे वाहन वापस करने की अपील की. उन्होंने जुबिन गर्ग के एक पुराने कार्यक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि गायक ने कभी कहा था, "मैं साइकिल पर इस शहर से निकला था और रेंज रोवर के साथ वापस लौटा". अहमद के अनुसार, इस बयान से कार के प्रति जुबिन का भावनात्मक लगाव साफ दिखाई देता था.

अहमद ने बताया कि उन्होंने खरीदार से कहा कि जुबिन से भावनात्मक जुड़ाव सिर्फ उनका नहीं बल्कि लाखों प्रशंसकों, दोस्तों और शुभचिंतकों का भी है. उन्होंने यह भरोसा भी दिलाया कि यदि जरूरत पड़ी तो प्रशंसक मिलकर खरीदार को उसकी पूरी रकम वापस कर सकते हैं.

बहन पामी बोरठाकुर ने किया बचाव

विवाद बढ़ने के बाद जुबिन गर्ग की छोटी बहन पामी बोरठाकुर सामने आईं. उन्होंने जुबिन की पत्नी गरिमा सैकिया गर्ग के फैसले का समर्थन किया और कहा कि परिवार के निजी मामलों को सार्वजनिक बहस का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए. उन्होंने कहा, "गरिमा सैकिया गर्ग के लिए संपत्ति बेचने का फैसला आसान नहीं रहा होगा. उनके इस फैसले के पीछे ज़रूर कोई वजह होगी."

Advertisement

पामी ने कहा कि लोग परिवार की परिस्थितियों को पूरी तरह नहीं जानते. पिछले एक साल से ज्यादा समय से गरिमा अकेले परिवार की जिम्मेदारियां संभाल रही हैं. ऐसे में उनकी आर्थिक स्थिति और निजी मामलों पर सार्वजनिक चर्चा उचित नहीं है. उन्होंने यह भी कहा, "आखिर किसे यह अधिकार दिया गया है कि वह उसके बैंक बैलेंस या बैंक स्टेटमेंट को सार्वजनिक चर्चा का विषय बनाए?"

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा भी बोले

मामला बढ़ने के बाद असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने साफ कहा कि सरकार परिवार के हर फैसले का सम्मान करेगी और उसमें दखल नहीं देगी. सरमा ने खुलासा किया कि उन्होंने पहले जुबिन गर्ग के परिवार को राज्य सरकार की ओर से मासिक आर्थिक सहायता लेने का आग्रह किया था. हालांकि गरिमा सैकिया गर्ग ने यह प्रस्ताव ठुकरा दिया था.

Advertisement

मुख्यमंत्री ने कहा, "मैंने जुबीन गर्ग के परिवार से राज्य सरकार की ओर से मिलने वाली मासिक आर्थिक सहायता स्वीकार करने का आग्रह किया था. हालाँकि, उनकी पत्नी गरिमा सैकिया गर्ग ने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया..." उन्होंने लोगों से अपील की कि परिवार के फैसलों पर अनावश्यक टिप्पणी करने से बचना चाहिए.

मुंबई की संपत्ति को लेकर भी नई मांग

दुलू अहमद ने दावा किया कि जुबिन गर्ग की मुंबई स्थित संपत्ति के भी बिकने की खबरें हैं. उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया कि यदि ऐसा होता है तो उचित बाजार मूल्य देकर उस संपत्ति को अपने अधीन लेने पर विचार किया जाए ताकि जुबिन की विरासत को संरक्षित रखा जा सके.

अहमद का कहना है कि जुबिन गर्ग सिर्फ एक परिवार तक सीमित नहीं थे, बल्कि असम की सांस्कृतिक पहचान का हिस्सा थे. वहीं दूसरी तरफ परिवार का कहना है कि उनकी निजी संपत्तियों और फैसलों का सम्मान किया जाना चाहिए. फिलहाल Range Rover की बिक्री को लेकर शुरू हुआ विवाद अब जुबिन गर्ग की विरासत, प्रशंसकों की भावनाओं और परिवार की निजता के बीच संतुलन का बड़ा मुद्दा बन गया है.

यह भी पढ़ें | असम का अपना सैटेलाइट होगा 'AssamSAT'... 600 करोड़ में बनेगा नेटवर्क, डेटा लागत 66% घटेगी

Advertisement
Featured Video Of The Day
शाह का प्लान..जाएगी मान की सरकार?

Topics mentioned in this article
Zubeen Garg
Himanta Biswa Sarma
Zubeen Garg Assam

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं