असम सरकार ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ की अनुमति देगी:  हिमंत विश्व शर्मा

मुख्यमंत्री ने चुटकी लेते हुए कहा कि मीडिया को यात्रा के बारे में सब कुछ सूचित किया जाता है, लेकिन असम सरकार को किसी भी चीज़ के बारे में पता नहीं है. पूर्वोत्तर के प्रमुख भाजपा नेता शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की यात्रा के लिए भाजपा राजनीतिक जवाब देगी, लेकिन असम सरकार अनुमति मांगे जाने पर जरूर (अनुमति) देगी.

विज्ञापन
Read Time: 11 mins

गुवाहाटी: असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बृहस्पतिवार को कहा कि यदि कांग्रेस ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के लिए अनुमति मांगती है तो राज्य सरकार जैसे ‘सभी पर्यटकों' का स्वागत करती है, ठीक उसी प्रकार उसे (कांग्रेस को) इजाजत देगी. शर्मा ने कहा कि हालांकि, कांग्रेस द्वारा असम में यात्रा आयोजित करने को लेकर अनुमति के लिए उन्हें अभी तक कोई जानकारी नहीं है.

पार्टी के सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और अन्य शीर्ष नेताओं के नेतृत्व में यह यात्रा 14 जनवरी को मणिपुर की राजधानी इंफाल से रवाना होगी और 18 जनवरी को असम पहुंचेगी. सूत्रों के अनुसार, असम में यह यात्रा 25 जनवरी तक रहेगी और राज्य के 17 जिलों से गुजरेगी. विभिन्न राज्यों से गुजरते हुए यह यात्रा 20 मार्च को मुंबई में समाप्त होगी.

शर्मा ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, 'मैंने मुख्य सचिव से पूछा है कि क्या कांग्रेस ने अनुमति मांगी है, लेकिन उन्हें भी इस बारे में कोई जानकारी नहीं है.'' उन्होंने कहा, ‘‘वे (कांग्रेस) अनावश्यक बतंगड़ बना रहे हैं. हमें नहीं पता कि वे कब और कहां आ-जा रहे हैं.''

मुख्यमंत्री ने चुटकी लेते हुए कहा कि मीडिया को यात्रा के बारे में सब कुछ सूचित किया जाता है, लेकिन असम सरकार को किसी भी चीज़ के बारे में पता नहीं है. पूर्वोत्तर के प्रमुख भाजपा नेता शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की यात्रा के लिए भाजपा राजनीतिक जवाब देगी, लेकिन असम सरकार अनुमति मांगे जाने पर जरूर (अनुमति) देगी.

उन्होंने कहा, ‘‘इसमें टकराव कहां है? चाहे वह 'न्याय' हो या ‘अन्याय', सभी पर्यटकों का राज्य में स्वागत है... यदि अधिक पर्यटक हमारे राज्य में आते हैं, तो हम उनका स्वागत करेंगे.'' यह पूछे जाने पर कि क्या उन्होंने कांग्रेस की इस यात्रा को एक पर्यटक कार्यक्रम माना है, शर्मा ने इस पर किसी भी टिप्पणी से इनकार कर दिया और कहा कि 2022-23 में 44 लाख, जबकि 2023-24 में अब तक 70 लाख से अधिक पर्यटकों ने असम की यात्रा की.

कांग्रेस ने कहा है कि देश के लोगों को आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक न्याय दिलाने के लिए ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा' निकाली जाएगी.

Advertisement
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
Featured Video Of The Day
Ranveer Singh को धमकी मामले में नया खुलासा! | Lawrence Gang | Breaking | Top News | NDTV India
Topics mentioned in this article