जोजिला दर्रे में बन रही 13 KM लंबी सुरंग का काम जल्द पूरा होगा, बर्फबारी में भी 15 मिनट में कश्मीर टू लद्दाख

Asia longest Zojila tunnel project: जोजिला सुरंग एशिया की सबसे लंबी सुरंग की परियोजना है और यह अगले 6-8 महीनों में पूरी हो जाएगी. इस परियोजना की लागत लगभग 6,500 करोड़ रुपये है और जिस सफर में पहले 1 से 1.5 घंटे का समय लगता था, वह अब केवल 15 मिनट की ड्राइव में पूरा हो सकेगा.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
Zojila tunnel project: जोजिला टनल एशिया की सबसे लंबी सुरंग होगी

Asia longest Zojila tunnel project: भारत में बन रही एशिया की सबसे लंबी सुरंग की परियोजना अगले 6-8 महीनों में पूरी हो जाएगी. हम बात कर रहे हैं हिमालय के ऊंचे पर्वतीय दर्रे जोजिला में बन रही सुरंग की. जोजिला दर्रा लद्दाख के कारगिल जिले में स्थित है और कश्मीर घाटी को लद्दाख से जोड़ता है. 13 किलोमीटर लंबी जोजिला सुरंग श्रीनगर और लद्दाख के बीच हर मौसम में कनेक्टिविटी देगी. कमाल की बात है कि इसके बनने के बाद लोग 15 मिनट में लद्दाख से कश्मीर जा पाएंगे जबकि अभी इसमें एक से डेढ़ घंटे लगते हैं. इस प्रोजेक्ट पर यह बड़ा अपडेट खुद देश के सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को दिया.

जोजिला सुरंग का 70 प्रतिशत काम पूरा

7वें वर्ल्ड लैंडस्लाइड फोरम को संबोधित करते हुए, नितिन गडकरी ने कहा कि हिमालय के नाजुक इलाकों में कनेक्टिविटी बनाने के लिए विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच एक सही संतुलन बनाए रखना जरूरी है. उन्होंने अपडेट देते हुए कहा कि अभी तक जोजिला टनल प्रोजेक्ट का लगभग 70 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है. यह प्रोजेक्ट अगले 6-8 महीनों में पूरा हो जाएगा. नितिन गडकरी ने आगे कहा कि हर प्रोजेक्ट को स्थानीय भू-विज्ञान (जियोलॉजी), जल-विज्ञान (हाइड्रोलॉजी) और ढलान की स्थिरता (स्लोप स्टेबिलिटी) की गहरी समझ के आधार पर तैयार किया जाना चाहिए, जिसमें आधुनिक तकनीक और लंबे समय तक चलने वाली मॉनिटरिंग भी शामिल हो.

9 जून को जोजिला में एशिया की सबसे लंबी सुरंग परियोजना में एक बड़ी सफलता (ब्रेकथ्रू) हासिल हुई थी जब खुदाई का 13 किलोमीटर से अधिक काम पूरा हो गया. इस सफलता ने कश्मीर घाटी और लद्दाख के बीच 'हर मौसम में चालू रहने वाली कनेक्टिविटी' के दशकों पुराने सपने को हकीकत के और करीब ला दिया है. बता दें कि सुरंग बनाने के काम में, 'ब्रेकथ्रू' उस पल को कहते हैं जब दोनों तरफ से काम कर रही टीमें एक निश्चित बिंदु पर आकर मिलती हैं.

क्यों खास है जोजिला?

9.5 मीटर चौड़ी, 7.57 मीटर ऊंची और 13.153 किलोमीटर लंबी यह सुरंग 'हॉर्सशू' यानी घोड़े की नाल के आकार की है. यह एक सिंगल-ट्यूब, दो-लेन वाली सड़क सुरंग है, जिसे समुद्र तल से लगभग 11,578 फीट की ऊंचाई पर बनाया गया है. इस परियोजना की लागत लगभग 6,500 करोड़ रुपये है.

Advertisement

श्रीनगर-लेह नेशनल हाईवे पर स्थित यह सुरंग रणनीतिक रूप से बहुत महत्वपूर्ण है. इससे लद्दाख के लिए साल भर, हर मौसम में चालू रहने वाला संपर्क मार्ग मिल जाएगा. साथ ही, जिस सफर में पहले 1 से 1.5 घंटे का समय लगता था, वह अब केवल 15 मिनट की ड्राइव में पूरा हो सकेगा.

मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में बालटाल से लेकर केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के द्रास जिले में मिनिमाग तक बनी इस सुरंग के साथ 18 किलोमीटर लंबी एप्रोच रोड (पहुंच मार्ग) भी जुड़ी है.

Advertisement

स्पेशल टनलिंग मेथड का हुआ है इस्तेमाल

इस परियोजना को पूरा करने वाली एजेंसी, 'मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड' (MEIL) ने हिमालय के कठिन और नाजुक भू-भाग को पार करने के लिए 'न्यू ऑस्ट्रियन टनलिंग मेथड' (NATM) का इस्तेमाल किया. सोनमर्ग से मिनिमाग तक फैली इस पूरी परियोजना की लंबाई 31 किलोमीटर है, जिसमें एप्रोच रोड और पुल भी शामिल हैं.

एक बार चालू हो जाने के बाद, यह सुरंग जोजिला दर्रे से होकर गुजरने वाले आम नागरिकों और सेना, दोनों की आवाजाही को आसान बना देगी. भारी बर्फबारी के कारण यह दर्रा आमतौर पर सर्दियों के तीन महीनों तक यातायात के लिए बंद रहता है.

यह भी पढ़ें | पहाड़ों के नीचे बन रही दुनिया की सबसे लंबी सुरंग, 58KM लंबी टनल में दौड़ेगी ट्रेन, घंटों का सफर मिनटों में

यह भी पढ़ें | बुलेट ट्रेन से पहले मुंबई में 70 हजार करोड़ का 'पाताल लोक', 31 KM की सुरंग से जुड़ेंगे एक्सप्रेसवे-एयरपोर्ट

Advertisement
Featured Video Of The Day
Anant Singh Daughter Wedding : अनंत सिंह की घुड़दौड़ में कैसे गई 1 की जान?

Topics mentioned in this article
India Infrastructure Projects
Zojila Tunnel
Zojila Tunnel Project

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं