तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में एक निजी बार के बाहर दो समूहों के बीच हुआ विवाद जानलेवा साबित हुआ. आरोप है कि कुछ युवकों ने कार से एक दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी, जिससे 18 वर्षीय युवती की मौत हो गई, जबकि उसकी नाबालिग दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गई.
पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बालामुरुगन (21), जोशवा (19) और किशोर कुमार (19) के रूप में हुई है. मृतक युवती की पहचान यांसी (18) के तौर पर हुई है, जो श्रीलंकाई शरणार्थी परिवार से थी और विलुप्पुरम जिले में रहती थी.
बार में शुरू हुआ था विवाद
पुलिस के मुताबिक, यांसी अपने दोस्तों के साथ चेन्नई के एक निजी बार में मौजूद थी. वहां डांस के दौरान उसका और उसके दोस्तों का दूसरे समूह के युवकों से विवाद हो गया. स्थिति बिगड़ने पर बाउंसरों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराया.
हालांकि, बार के बाहर भी दोनों पक्षों के बीच तनाव जारी रहा. बाउंसरों ने दोबारा हस्तक्षेप करते हुए दोनों समूहों को वहां से जाने के लिए कहा.
पत्थरबाजी के बाद हुआ पीछा
पुलिस जांच में सामने आया है कि बार से निकलने के बाद यांसी और उसके दोस्त दोपहिया वाहन से जा रहे थे. रास्ते में उन्हें कथित तौर पर वही दूसरा समूह कार में दिखाई दिया. आरोप है कि यांसी के साथ मौजूद युवकों ने कार पर पत्थर फेंके.
इससे नाराज कार सवार युवकों ने कथित तौर पर दोपहिया वाहन का पीछा किया और उसे टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि यांसी सड़क पर जा गिरी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, उसके साथ मौजूद 17 वर्षीय किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है.
हत्या का मामला दर्ज
चेन्नई की सीएमबीटी पुलिस ने मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज किया है. अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई है.
नाबालिगों को एंट्री देने पर बार सील
घटना के बाद प्रशासन ने संबंधित निजी बार को भी सील कर दिया है. जांच में सामने आया कि बार में 18 वर्ष से कम उम्र के लोगों को प्रवेश दिया गया था, जो नियमों का उल्लंघन है.
परिजनों की मांग
यांसी के परिजनों ने सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और सख्त सजा की मांग की है. उनका कहना है कि यह महज सड़क हादसा नहीं बल्कि सोची-समझी हिंसक कार्रवाई थी, जिसमें एक युवती की जान चली गई.










