Extracorporeal Shock Wave Lithotripsy: आजकल पथरी की समस्या तेजी से बढ़ रही है. किडनी या पित्त की पथरी (Kidney Or Bile Stone) होने पर पहले अधिकतर मामलों में सर्जरी (Surgery) करनी पड़ती थी. लेकिन अब मेडिकल टेक्नोलॉजी (Medical Technology) काफी आगे बढ़ चुकी है. अब कुछ मामलों में बिना ऑपरेशन (Operation) के भी पथरी को तोड़ा और निकाला जा सकता है. ऐसी ही एक आधुनिक तकनीक है ESWL यानी Extracorporeal Shock Wave Lithotripsy. यह तरीका उन मरीजों के लिए काफी उपयोगी माना जाता है जिन्हें बड़ी सर्जरी से बचना हो.
ESWL क्या होता है? (What Is ESWL)
ESWL एक ऐसी मेडिकल प्रोसेस है जिसमें शरीर को काटने या ऑपरेशन करने की जरूरत नहीं पड़ती. इसमें एक विशेष मशीन का उपयोग किया जाता है जो शरीर के बाहर से तेज ऊर्जा वाली ध्वनि तरंगें यानी शॉक वेव्स भेजती है. ये तरंगें सीधे पथरी पर फोकस की जाती हैं. जब ये तरंगें पथरी से टकराती हैं तो पथरी धीरे-धीरे छोटे टुकड़ों में टूट जाती है. बाद में ये छोटे टुकड़े पेशाब के रास्ते शरीर से बाहर निकल जाते हैं.
ESWL प्रक्रिया कैसे की जाती है? (How ESWL Process Is Done)
इस प्रक्रिया से पहले डॉक्टर अल्ट्रासाउंड या एक्स-रे की मदद से पथरी की सही जगह का पता लगाते हैं. इसके बाद मरीज को मशीन पर एक विशेष स्थिति में लिटाया जाता है. फिर मशीन से शॉक वेव्स भेजी जाती हैं. ये तरंगें शरीर के अंदर जाकर पथरी को तोड़ती हैं. पूरी प्रक्रिया आमतौर पर 30 से 60 मिनट के बीच पूरी हो जाती है. कई मामलों में मरीज उसी दिन घर भी जा सकता है.
किन लोगों के लिए यह तरीका सही है? (This Method Is Good For Whom)
डॉक्टर आमतौर पर यह प्रक्रिया तब सुझाते हैं जब पथरी बहुत बड़ी न हो. छोटी या मध्यम आकार की पथरी में यह तरीका ज्यादा असरदार माना जाता है. यदि पथरी किडनी या मूत्रनली के ऊपरी हिस्से में हो तो भी यह प्रक्रिया अच्छी तरह काम करती है.
यह भी देखें- बेबी या छोटे बच्चों को सर्दी-जुकाम बार-बार जल्दी क्यों पकड़ लेता है? जानें चाइल्ड स्पेशलिस्ट डॉ. हेरात उदावत से
ESWL के फायदे (Benefits OF ESWL)
इस तकनीक का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इसमें सर्जरी की जरूरत नहीं पड़ती. मरीज को कम दर्द होता है और रिकवरी भी जल्दी होती है. अस्पताल में लंबे समय तक भर्ती रहने की जरूरत नहीं पड़ती. संक्रमण का खतरा भी कम रहता है.
किन मामलों में ESWL संभव नहीं (In Which Cases Doing ESWL Is Not Possible)
हर मरीज में ESWL काम नहीं करता. अगर पथरी बहुत बड़ी हो, बहुत सख्त हो या गलत जगह फंसी हो तो डॉक्टर दूसरी प्रक्रियाओं की सलाह दे सकते हैं. इसलिए किसी भी इलाज से पहले विशेषज्ञ डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी होता है.
कुल मिलाकर ESWL कई मरीजों को बिना ऑपरेशन के पथरी से राहत दिलाने में मदद करती है. सही जांच और समय पर इलाज से पथरी की समस्या को आसानी से नियंत्रित किया जा सकता है.
Watch Video: क्या लिवर खराब होने से हार्ट डिजीज होती हैं? डॉक्टर ने बताया...
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)














