Haryana News: हरियाणा के रेवाड़ी में केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आए. बुधवार को दिशा (DISHA) की महत्वपूर्ण बैठक में पहुंचते ही उन्होंने सबसे पहले उन अधिकारियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया जो बैठक से अनुपस्थित थे. उन्होंने बिना देर किए दो लापरवाह अधिकारियों को शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए. मंत्री ने कहा कि अब 'दो दिन में काम हो जाएगा' जैसे रटे-रटाए जवाब नहीं चलेंगे. हर विभाग को एक समय सीमा दे दी गई है, और यदि निर्धारित समय में काम पूरा नहीं हुआ, तो बड़ी कार्रवाई तय है.
'कुछ अलग सोचना ही पड़ेगा'
बैठक में दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-48) के बिलासपुर में बन रहे ओवरब्रिज में हो रही देरी का मुद्दा प्रमुखता से उठा. राव इंद्रजीत ने इसके लिए सीधे तौर पर जयपुर के ठेकेदार को जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि इस ठेकेदार की लगातार शिकायतों के बाद अब 'कुछ अलग सोचना ही पड़ेगा' ताकि जनता को रोज-रोज के जाम से निजात मिले. इतना ही नहीं, सड़कों के बनने से पहले ही टूटने पर उन्होंने कहा कि खराब सामग्री और आधुनिक तकनीक की कमी ही इसका मुख्य कारण है. उन्होंने उदाहरण दिया कि मेघालय जैसे राज्यों में सड़कें 10 साल तक नहीं टूटतीं, तो हरियाणा में ऐसा क्यों हो रहा है? इसकी गहन जांच की जाएगी.
संसद में कार घुसने पर दिया बयान
पत्रकारों से बातचीत के दौरान संसद में अचानक कार घुसने के सवाल पर राव इंद्रजीत ने सामाजिक पहलू की ओर इशारा किया. उन्होंने कहा कि आजकल लोगों की महत्वाकांक्षाएं बहुत बढ़ गई हैं, वे 'चट मंगनी पट ब्याह' जैसा परिणाम चाहते हैं और सब्र की जगह बेवजह का गुस्सा बढ़ रहा है. वहीं, किसानों के लिए राहत भरी खबर देते हुए उन्होंने कहा कि ओलावृष्टि से खराब हुई फसलों की गिरदावरी के निर्देश जल्द जारी किए जाएंगे. कृषि मंत्री के बयान पर स्पष्टीकरण देते हुए उन्होंने कहा कि दक्षिण हरियाणा में बारिश का उतना बुरा असर नहीं पड़ता, लेकिन ओलावृष्टि से हुए नुकसान की भरपाई जरूरी है.
रेवाड़ी के विकास के लिए तय हुई जिम्मेदारी
बैठक में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं के साथ-साथ शहर के कचरे की समस्या, सड़कों के निर्माण और साहिबी बैराज में आने वाले गंदे पानी पर भी विस्तार से चर्चा हुई. राव इंद्रजीत ने रेवाड़ी-पटौदी, बनीपुर चौक और राठीवास के निर्माण कार्यों को भी समय पर पूरा करने का आश्वासन दिया. इस अहम बैठक में विधायक लक्ष्मण सिंह यादव, अनिल यादव, डॉ. कृष्ण कुमार और जिला प्रशासन के तमाम बड़े अधिकारी मौजूद रहे। साफ है कि राव साहब के इन तेवरों के बाद अब रेवाड़ी के प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मचना तय है.
ये भी पढ़ें:- हरियाणा में मजदूरों के न्यूनतम वेतन में 35% की बढ़ोतरी, अब हर महीने मिलेंगे 15220 रुपये














