Gurugram Robbery Video: गुरुग्राम में अपराधियों के हौसले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं. एक बार फिर सरेराह लूट की घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. सेक्टर-10 इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने एक कार चालक को निशाना बनाते हुए उससे 11 लाख रुपये लूट लिए. पूरी वारदात पास के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है.
साहिल मनचंदा की रिपोर्ट...
सेक्टर-10 में देर रात हुई लूट
यह घटना सोमवार देर रात सेक्टर-10 इलाके की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, कार चालक जैसे ही सेक्टर-10 क्षेत्र में पहुंचा, पहले से पीछा कर रहे बाइक सवार बदमाशों ने उसे घेर लिया और रुपयों से भरा बैग छीनकर मौके से फरार हो गए.
बाइक सवार बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दो बाइक सवार बदमाशों ने बड़ी तेजी से इस लूट को अंजाम दिया. बदमाश कार चालक से ग्यारह लाख रुपये लेकर कुछ ही सेकेंड में वहां से निकल गए. अचानक हुई इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई.
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई पूरी घटना
लूट की यह पूरी वारदात पास के एक घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई. फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह बदमाश मौके पर पहुंचते हैं और वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं. यह वीडियो अब पुलिस के लिए जांच का अहम सुराग बन गया है.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही सेक्टर-10 थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने इलाके का मुआयना किया और पीड़ित कार चालक से पूछताछ की. शुरुआती जांच में लूट की पुष्टि हुई है. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने की कोशिश कर रही है. आसपास के अन्य कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा.














