Gurugram Women Suicide: हरियाणा के गुरुग्राम में साइबर सिटी के सेक्टर-65 स्थित 'वर्ल्ड मार्क मॉल' में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक कंपनी में अकाउंट्स का काम करने वाली 32 वर्षीय जागृति ने मॉल की पांचवीं मंजिल से छलांग लगा दी. गंभीर रूप से घायल महिला को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. 13 मई की इस घटना के बाद सेक्टर-65 थाना पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत पर पति अमित के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
'पति बेल्ट और थप्पड़ों से मारता था'
इस घटना को लेकर मृतका के भाई हार्दिक ने बताया कि "मेरी बहन की शादी साल 2023 में मेरठ के रहने वाले अमित से उसकी मर्जी से हुई थी. शादी के बाद से ही उसका पति और सास उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे. अमित मेरी बहन को बेल्ट और थप्पड़ों से बेरहमी से मारता था और उसकी मां कभी उसे रोकती नहीं थी. वे दोनों मिलकर उसे इतना सताते थे कि वह कोई गलत कदम उठा ले.
यह मारपीट कभी-कभी हमारे घर पर भी की गई. मेरे पास इस प्रताड़ना के सारे सबूत हैं जो मैंने पुलिस को सौंप दिए हैं. हमने FIR दर्ज करवा दी है पर मेरी बहन को अब तक न्याय नहीं मिला है. उसे जबरन काम पर भेजा जाता था और हाल ही में उसे 'जित्ते बिल्ला' नाम की ऑफिस बिल्डिंग में नौकरी मिली थी. घटना वाले दिन मेरी उससे बात हुई थी तब उसने सब ठीक बताया था, लेकिन कुछ देर बाद उसके पति का फोन आया कि उसने छलांग लगा दी है."
'पति और सास सैलरी पर कर लेते कब्जा'
मृतका की मां शालू बारी ने बताया कि "इन्होंने मेरी बेटी को मार डाला. वह उसे बहुत परेशान करते थे और उसकी सारी तनख्वाह अपने पास रख लेते थे. उसका पति और सास उसे कहते थे कि घर से निकल जाओ. वह इतनी दूर मेरठ से गुरुग्राम काम पर आती थी. वह सुबह 7 बजे निकलती थी और रात को 9 बजे घर में घुसती थी.
उसकी सास कहती थी कि मेरे बेटे के लिए 21 लाख रुपये मिल रहे थे, जिसको लेकर मेरी बेटी ने कहा कि मैं 21 लाख रुपये कमाऊंगी. यह एक लव मैरिज थी और अमित उससे शादी से पहले घर पर मिलने आता था. वह शादी के बाद उसे बहुत परेशान करता था. मेरी बेटी अपनी मर्जी से अपने भाई को खर्च देती थी, लेकिन उसका पति उसे खुद कोई खर्च नहीं देता था. वह अकाउंट्स का काम करती थी और इसी प्रताड़ना के कारण उसने पाँचवीं मंज़िल से छलांग लगा दी."
पुलिस की कार्रवाई
सेक्टर-65 थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है. भाई की तहरीर पर दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें- खाटूश्यामजी में बड़ा सड़क हादसा, कैंपर और सवारी गाड़ी की आमने-सामने भिड़ंत; 23 लोग घायल; 7 की हालत गंभीर














