Jind News: हरियाणा की राजनीति में इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला (Abhay Singh Chautala) ने नरवाना (INLD Narwana Rally) की अनाज मंडी से एक ऐसी हुंकार भरी है, जिसने सत्ता के गलियारों में हलचल पैदा कर दी है. सोमवार को आयोजित प्रदेश स्तरीय युवा सम्मेलन (Yuva Sammelan) में उमड़ी भारी भीड़ के बीच चौटाला ने सीधे तौर पर भाजपा (BJP) और कांग्रेस (Congress) को निशाने पर लिया. उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि जिस तरह भगत सिंह, राजगुरू और सुखदेव ने आजादी के लिए शहादत दी, उसी तरह आज के युवाओं को इन 'लुटेरी' पार्टियों को सबक सिखाने की जरूरत है.
युवाओं के लिए कीं 4 बड़ी घोषणाएं
अभय चौटाला ने 2029 के रण के लिए बड़ा रोडमैप पेश किया है. उन्होंने वादा किया कि अगर इनेलो की सरकार बनती है, तो:-
1. विधानसभा चुनाव में 50 प्रतिशत टिकट युवाओं को मिलेंगे.
2. प्रत्येक परिवार से एक युवा को सरकारी नौकरी दी जाएगी.
3. जो युवा नौकरी से वंचित रहेंगे, उन्हें हर महीने 21 हजार रुपये का बेरोजगारी भत्ता मिलेगा.
4. युवाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए एक करोड़ रुपये तक का लोन बिना किसी ब्याज के दिया जाएगा.
'सांपनाथ, नागनाथ और बिच्छुनाथ'
विरोधियों पर कड़ा प्रहार करते हुए अभय चौटाला ने एक नया जुमला उछाल दिया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस सांपनाथ है और बीजेपी नागनाथ, लेकिन एक और पार्टी भी है जो बिच्छुनाथ है. उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 10 साल कांग्रेस ने प्रदेश को लूटा और अब 11 सालों से बीजेपी लूट रही है. राज्यसभा चुनाव का जिक्र करते हुए उन्होंने साफ किया कि इनेलो ने जनता के कहने पर ही दोनों पार्टियों से दूरी बनाई थी, जबकि हुड्डा और कांग्रेस ने बार-बार पर्दे के पीछे से भाजपा की मदद की है.
'12 लाख कटे हुए पीले कार्डों की बहाली तक लड़ेंगे लड़ाई'
प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर चिंता जताते हुए चौटाला ने कहा कि हरियाणा में बेरोजगारी दर 27.8% तक पहुंच गई है, जिसके कारण युवा नशे और अपराध की दलदल में फंस रहे हैं या 'डोंकी' के रास्ते विदेश जाने को मजबूर हैं. उन्होंने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा ने अहंकार में आकर 12 लाख परिवारों के पीले राशन कार्ड काट दिए हैं. इनेलो कार्यकर्ता अब गांव-गांव जाकर इन कार्डों को बहाल कराने की लड़ाई लड़ेंगे.
'डोंकी के रास्ते विदेश जा रहे युवा, खाली पड़े 48000 पद'
सम्मेलन के दौरान जुलाना से पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी धर्मेंद्र ढुल ने अपने सैकड़ों साथियों के साथ इनेलो का दामन थामा. अभय चौटाला ने घोषणा की कि युवाओं की इस भारी सफलता के बाद अब हरियाणा में महिलाओं का एक ऐतिहासिक महासम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जैसा प्रदेश के इतिहास में पहले कभी नहीं हुआ. उन्होंने अंत में याद दिलाया कि जहां सरकारी स्कूलों में 20 हजार और पुलिस में 28 हजार पद खाली पड़े हैं, वहीं इनेलो ने अपने शासन में 90 हजार नौकरियां दी थीं और उसी परंपरा को वो आगे बढ़ाएंगे.














