सूरत में एक बार फिर नशे में वाहन चलाने का मामला सामने आया है, जिसने शहर में सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. दरअसल, शहर के सरथाणा जकातनाका इलाके में एक तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक कार ने सड़क पर जमकर उत्पात मचाया. कथित तौर पर शराब के नशे में धुत चालक ने एक के बाद एक तीन वाहनों को टक्कर मार दी, जिसमें करीब पांच लोग घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने आरोपी चालक की पिटाई कर दी.
इस घटना से संबंधित सामने आए CCTV वीडियो में देखा जा सकता है कि इलेक्ट्रिक कार सड़क पर बेहद तेज गति से दौड़ रही है. कई जगह चालक वाहन पर नियंत्रण खोता हुआ दिखाई देता है. फुटेज में यह भी नजर आता है कि कार अचानक लेन बदलते हुए आगे बढ़ती है और राहगीरों व अन्य वाहन चालकों के लिए खतरा बन जाती है. स्थानीय लोगों का दावा है कि चालक काफी दूर से ही बेकाबू तरीके से वाहन चला रहा था. इस दौरान रास्ते में कई लोग उसकी चपेट में आने से बाल-बाल बचे.
एक के बाद एक लोगों को मारते रहे टक्कर
जानकारी के अनुसार इलेक्ट्रिक कार (GJ 05 RU 2251) का चालक विजय सरथाणा जकातनाका की ओर आ रहा था. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वह नशे की हालत में था और वाहन पर उसका नियंत्रण नहीं था. सबसे पहले कार ने दो बाइक सवारों को टक्कर मारी. इसके बाद भी कार नहीं रुकी और आगे जाकर एक चार पहिया वाहन से जा भिड़ी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक और कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. सड़क पर चीख-पुकार मच गई और कुछ ही पलों में बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए.
भीड़ की पिटाई से ड्राइवर हुआ घायल
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे के बाद जब लोगों ने चालक की हालत देखी, तो उन्हें लगा कि वह शराब के नशे में है. इसके बाद लोगों का गुस्सा भड़क उठा. भीड़ ने आरोपी को कार से बाहर निकाला और उसकी पिटाई कर दी. इतना ही नहीं, आक्रोशित लोगों ने कार के शीशे भी तोड़ दिए. कुछ समय के लिए इलाके में तनावपूर्ण माहौल बन गया. हादसे में घायल हुए करीब पांच लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. वहीं, भीड़ की पिटाई में घायल हुए आरोपी चालक को भी पुलिस सुरक्षा के बीच अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस का कहना है कि सभी घायलों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है.
हादसे के बाद डिवाइडर पर चढ़ी कार
स्थानीय निवासी मनीष वाघाणी ने बताया कि सरथाणा एक घनी आबादी वाला इलाका है और आरोपी चालक ने लापरवाही की सारी हदें पार कर दीं. उनके अनुसार श्याम धाम मंदिर क्षेत्र से ही चालक मनमाने ढंग से वाहन चला रहा था. रास्ते में उसने एक रिक्शा चालक को भी चपेट में लिया और बाद में महिलाओं, दोपहिया वाहन चालकों और एक खड़ी कार को टक्कर मार दी. उन्होंने दावा किया कि हादसे के बाद कार डिवाइडर पर भी चढ़ गई थी.
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में 15 एकड़ में बने अवैध मदरसे को किया गया ध्वस्त, बागपत में भी मस्जिद पर चला बुलडोजर
घटना की जानकारी मिलते ही सरथाणा पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया. पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया और आरोपी चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चालक शराब के नशे में था या किसी अन्य नशीले पदार्थ के प्रभाव में इसके लिए उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया है. फिलहाल, पुलिस CCTV फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है. वहीं, सामने आए CCTV वीडियो ने पूरे घटनाक्रम की गंभीरता को और बढ़ा दिया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते वाहन नहीं रुकता, तो यह हादसा और भी बड़ा रूप ले सकता था. शहर में इस घटना के बाद नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी और सख्त कार्रवाई की मांग एक बार फिर तेज हो गई है.
यह भी पढ़ें- UPPSC APS 2023 की परीक्षा में 4,240 में से एक भी अभ्यर्थी नहीं हुआ पास, खाली रह गए सभी 331 पद !