Cucumber Avalakki Recipe: अगर आप रोज वही साधारण पोहा खाकर बोर हो चुके हैं, तो कर्नाटक स्टाइल खीरा अवलक्की यानी कुकुंबर पोहा जरूर ट्राई करें. यह रेसिपी स्वाद में हल्की और ताजगी से भरपूर होती है और गर्मियों के लिए बिल्कुल परफेक्ट मानी जाती है. इसमें खीरे की कूलिंग, नारियल की मिठास और हल्का सा खट्टापन मिलकर ऐसा कॉम्बिनेशन बनाते हैं जो पेट के लिए भी हल्का होता है और मन को भी संतुष्ट करता है. खास बात यह है कि यह डिश बहुत जल्दी बन जाती है और हेल्दी भी होती है. अगर सुबह कुछ हल्का लेकिन टेस्टी खाने का मन है, तो यह पोहा आपके लिए बेस्ट ऑप्शन हो सकता है.
क्या है कुकुंबर अवलक्की (What Is Cucumber Avalakki)
कुकुंबर अवलक्की कर्नाटक की एक पारंपरिक रेसिपी है, जिसमें पोहे को खीरे और नारियल के साथ बनाया जाता है. यह आम पोहे से अलग इसलिए है क्योंकि इसमें मसाले कम और ताजगी ज्यादा होती है. इसका स्वाद हल्का, थोड़ा नटी और थोड़ा खट्टा होता है.
कुकुंबर अवलक्की बनाने के लिए सामग्री- (Ingredients For Making Cucumber Avalakki)
- 1 कप मोटा पोहा
- 1 कप कद्दूकस किया हुआ खीरा
- 1/4 कप ताजा नारियल
- 2 टेबलस्पून मूंगफली
- 2 टीस्पून तेल
- 1/2 टीस्पून राई
- 1 टीस्पून चना दाल
- 1 टीस्पून उड़द दाल
- 1-2 सूखी लाल मिर्च
- एक चुटकी हींग
- 1 टीस्पून बारीक कटा अदरक
- 1 हरी मिर्च
- 6-8 करी पत्ते
- 1-2 टीस्पून नींबू रस
- 2 टेबलस्पून हरा धनिया
- स्वादानुसार नमक
कैसे बनाएं कुकुंबर अवलक्की- (How To Make Cucumber Avalakki)
- सबसे पहले पोहे को 1–2 मिनट पानी में भिगोकर छान लें और सॉफ्ट होने दें. अब कद्दूकस किए हुए खीरे का पानी अच्छी तरह निचोड़ लें. एक बाउल में पोहा, खीरा, नारियल और नमक डालकर हल्के हाथ से मिक्स करें.
- अब कढ़ाई में तेल गरम करें और मूंगफली को कुरकुरा होने तक भून लें. फिर इसमें राई डालें. जब राई चटकने लगे, तब चना दाल, उड़द दाल, सूखी लाल मिर्च, हींग, अदरक और हरी मिर्च डालकर भूनें.
- अब इसमें पोहे का मिश्रण डालें और धीमी आंच पर 2–3 मिनट पकाएं. आखिर में करी पत्ते और नींबू का रस डालकर हल्के से मिक्स करें.
- ऊपर से हरा धनिया डालें और तुरंत गरमा गरम सर्व करें.
यह पोहा हल्का होने के साथ-साथ पेट को ठंडक भी देता है. चाहें तो इसे और प्रोटीन रिच बनाने के लिए साथ में पनीर या ऑमलेट भी ले सकते हैं.
Watch Video: Jalebi History: जानिए कहां और कब बनी थी पहली जलेबी, जानिए इसका इतिहास
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)














