Furniture Ka Vastu Niyam: किसी भी मकान को बनाते समय जिस प्रकार उसकी शुभता और सकारात्मक ऊर्जा के लिए पंचतत्वों (Panchatatva) पर आधारित वास्तु शास्त्र का ख्याल रखा जाता है, उसी प्रकार घर को सजाते या फिर कहें उसमें फर्नीचर को रखने के लिए भी इन नियमों पर विशेष ध्यान देना जरूरी माना गया है. वास्तु शास्त्र के अनुसार तमाम तरह के दोषों से बचने के लिए व्यक्ति को फर्नीचर (Furniture) के लिए लकड़ी खरीदने, उसे घर लाने और उसकी दिशा या स्थान तय करते वक्त विशेष ध्यान देना चाहिए. आइए फर्नीचर से जुड़े उन वास्तु नियमों (Vastu Rules) के बारे में विस्तार से जानते हैं, जो आपके घर की शोभा के साथ शुभता और सौभाग्य को बढ़ाने में मददगार साबित होते हैं.
किस दिशा में रखें फर्नीचर
- वास्तु शास्त्र के अनुसार घर के भीतर भारी फर्नीचर को हमेशा दक्षिण, पश्चिम या फिर आग्नेय दिशा यानि दक्षिण-पश्चिम दिशा में रखना चाहिए. वास्तु के अनुसार ये दिशाएं भारी फर्नीचर के लिए पूरी तरह से अनुकूल रहती हैं.
- अगर आपको अपने घर में हल्के फर्नीचर रखने हों तो उसे आप घर के उत्तर, पूर्व या फिर उत्तर दिशा में रख सकते हैं.
- अगर आपको अपने घर में बच्चे के लिए स्टडी टेबल लगाना हो तो उसे घर के ईशान कोण यानि उत्तर-पूर्व दिशा में या फिर उत्तर या पूर्व दिशा की ओर कुछ इस तरह से लगाना चाहिए कि पढ़ते समय बच्चे का मुंह उत्तर या पूर्व दिशा की ओर ही रहे.
- वास्तु के अनुसार घर का बेडरूम और बेडरूम में बेड दोनों ही यदि दक्षिण या पश्चिम दिशा की ओर रहे तो बेहतर रहता है.
फर्नीचर के लिए कौन सी लकड़ी शुभ
वास्तु के अनुसार फर्नीचर बनवाने के लिए नीम, अशोक, सागौन, शीशम, आदि की लकड़ी बेहद शुभ मानी गई हैं, जबकि पीपल, बरगद, आदि की लकड़ी का प्रयोग फर्नीचर के लिए भूल से भी न करें.
इस दिन भूलकर न खरीदें फर्नीचर
वास्तु के अनुसार घर में लकड़ी या फिर फर्नीचर मंगलवार, शनिवार या फिर अमावस्या के दिन खरीदकर नहीं लाना चाहिए. मान्यता है कि इन दिनों में फर्नीचर को घर में लाना बड़े दोष का कारण बनता है.
घर में यहां न रखें खराब फर्नीचर
वास्तु शास्त्र के अनुसार कई बार लोग अपने घर के खराब फर्नीचर को सीढ़ियों के नीचे या फिर छत पर ले जाकर रख देते हैं, जो वास्तु नियमों के अनुसार एक बड़ा दोष माना जाता है. वास्तु शास्त्र के अनुसार इन दोनों ही स्थान पर रखा टूटा या खराब फर्नीचर नकारात्मक ऊर्जा को बढ़ाता है.
फर्नीचर से जुड़ी अन्य जरूरी बातें
- वास्तु शास्त्र के अनुसार फर्नीचर के कोने कभी भी नुकीले नहीं होने चाहिए.
- घर में अधिक से अधिक लकड़ी के ही फर्नीचर का प्रयोग करना चाहिए.
- घर के फर्नीचर को हमेशा नई लकड़ी खरीदकर ही बनवाना चाहिए.
- घर में कभी भी दूसरे के द्वारा प्रयोग किये गये फर्नीचर को खरीदकर नहीं लाना चाहिए.
- वास्तु के अनुसर घर में फर्नीचर कुछ इस तरह से रखें कि आते-जाते समय किसी को दिक्कत न हो.
- वास्तु के अनुसार फर्नीचर को कभी भी अपने घर के मुख्य द्वार के ठीक सामने नहीं रखना चाहिए.
- वास्तु के अनुसार फर्नीचर को कभी भी बीम के नीचे नहीं रखना चाहिए.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)














