March Mahine Me Ekadashi Kab Hai: हिंदू कैलेंडर के अनुसार हर पक्ष में पड़ने वाली एकादशी व्रत का बहुत ज्यादा महत्व माना गया है. एकादशी का व्रत जगत के पालनहार माने जाने वाले भगवान श्री विष्णु की कृपा पाने के लिए रखा जाता है. हिंदू मान्यता के अनुसार इस व्रत को रखने से व्यक्ति की मानसिक शुद्धि, सुख-सौभाग्य की प्राप्ति और रोग-शोक, पाप आदि से मुक्ति मिलती है. मान्यता है कि भगवान लक्ष्मीनारायण के इस व्रत को करने सभी कामनाएं पूरी होती हैं और व्यक्ति को जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में मनचाही सफलता प्राप्त होती है. आइए जानते हैं कि मार्च 2026 में पावन एकादशी का व्रत कब-कब पड़ेगा और उसका क्या धार्मिक महत्व है.
मार्च महीने का पहला एकादशी व्रत कब है? (Papmochani Ekadashi 2026)
पंचांग के अनुसार मार्च महीने में पहला एकादशी का व्रत 15 मार्च 2026 को पड़ेगा. होलिका दहन और नवरात्रि के मध्य में आने वाली यह एकादशी चैत्र मास के कृष्णपक्ष में पड़ेगी. पंचांग के अनुसार चैत्र मास के कृष्णपक्ष की यह एकादशी तिथि 14 मार्च 2026, शनिवार के प्रात:काल 08:10 बजे प्रारंभ होकर अगले दिन 15 मार्च 2026 को प्रात:काल 09:16 बजे तक रहेगी. इस व्रत का पारण अगले दिन 16 मार्च 2026 को प्रात:काल 06:30 से 08:54 बजे के बीच किया जा सकेगा.
पापमोचिनी एकादशी का धार्मिक महत्व (Papmochani Ekadashi Significance)
हिंदू मान्यता के अनुसार पापमोचनी एकादशी के व्रत को विधि-विधान से करने पर व्यक्ति के द्वारा जाने-अनजाने में किए गये समस्त पापों का नाश होता है. यह पावन व्रत तन, मन और आत्मा की शुद्धि के लिए जाना जाता है. मान्यता है कि इसके पुण्य प्रभाव से प्रेत योनि में फंसे पितरों को मुक्ति प्राप्त होती है. सनातन परंपरा में पापमोचिनी एकादशी व्रत वाले दिन पूजा, व्रत एवं दान आदि का बहुत ज्यादा महत्व माना गया है.
मार्च महीने का दूसरा एकादशी व्रत कब है? (Kamada Ekadashi 2026)
सनातन परंपरा में चैत्र मास के शुक्लपक्ष की एकादशी तिथि को कामदा एकादशी व्रत के नाम से जाना जाता है. भगवान विष्णु की कृपा बरसाने वाला यह व्रत सभी प्रकार की कामनाओं को पूरा करने वाला माना गया है. यह व्रत हर साल चैत्र नवरात्रि और रामनवमी पर्व के बाद आता है. पंचांग के अनुसार इस साल चैत्र मास के शुक्लपक्ष की एकादशी तिथि 28 मार्च 2026 की सुबह 08:45 बजे प्रारंभ होकर अगले दिन 29 मार्च 2026 को प्रात:काल 07:46 बजे तक रहेगी. ऐसे में उदया तिथि के अनुसार कामदा एकादशी का व्रत 29 मार्च 2026 को रखा जाएगा और इसका पारण 30 मार्च 2026 को प्रात:काल 06:14 से 07:09 बजे के बीच किया जा सकेगा.
कामदा एकादशी का धार्मिक महत्व (Kamada Ekadashi Significance)
हिंदू धर्म में चैत्र मास के शुक्लपक्ष में पड़ने वाली एकादशी तिथि को कामदा एकादशी व्रत के नाम से जाना जाता है. सनातन परंपरा में भगवान विष्णु के इस व्रत का बहुत ज्यादा महत्व माना गया है क्योंकि यह सभी कष्टों को दूर करके कामनाओं को पूरा करने वाला माना गया है. कामदा एकादशी व्रत के पुण्य प्रभाव से साधक को जीवन में सभी प्रकार के सुख प्राप्त होते हैं.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)














