Drawing Room Ka Vastu Niyam Kya Hai: किसी भी मकान के भीतर ड्राइंग रूम एक ऐसा महत्वपूर्ण हिस्सा होता है, जो परिवार के सदस्यों के संवाद के साथ अतिथि के आदर-सत्कार के लिए समर्पित होता है. किसी भी घर की मान-प्रतिष्ठा को बढ़ाने वाले इस हिस्से को हर कोई अपने सामर्थ्य के अनुसार सजाने की कोशिश करता है, लेकिन आपकी खुशियों को बढ़ाने के लिए इसकी सिर्फ सजावट ही नहीं बल्कि इसका वास्तु भी बहुत मायने रखत है. पंचतत्वों पर आधारित वास्तु शास्त्र के अनुसार सुख-सौभाग्य को बढ़ाने के लिए आखिर कैसा होना चाहिए आपका ड्राइंग रूम, आइए इसे विस्तार से जानते हैं.
घर में किस दिशा में होना चाहिए ड्राइंग रूम?
वास्तु शास्त्र के अनुसार किसी भी मकान का सबसे प्रमुख हिस्सा माना जाने वाला ड्राइंग रूम या फिर कहें बैठक हमेशा पूर्व, उत्तर या फिर उत्तर-पूर्व दिशा यानि ईशान कोण में होना चाहिए. वास्तु के अनुसार ये दिशाएं न सिर्फ सकारात्मक ऊर्जा को बल्कि सुख-शांति को बढ़ाने और आपके आत्मीय संबंधों को मजबूत करने में मददगार साबित होती है.
ड्राइंग रूम की दीवारों का कलर कैसा होना चाहिए?
वास्तु शास्त्र के अनुसार ड्राइंग रूम को पेंट कराने के लिए आप क्रीम, सफेद, आसमानी या हल्के हरे रंग को चुन सकते हैं. ड्राइंग रूम को बहुत ज्यादा डार्क कलर करने से बचना चाहिए. वास्तु के अनुसार ड्रांइग रूम में आप पूर्व दिशा में हल्का हरा उत्तर दिशा में सफेद, पीला, हल्का नीला या फिर कहें आसमानी रंग का प्रयोग कर सकते हैं. वहीं दक्षिण दिशा की दीवार के लिए गुलाबी और क्रीम कलर काफी शुभ साबित होते हैं.
ड्राइंग रूम में कहां रखें सोफा?
वास्तु शास्त्र के अनुसार ड्राइंग रूम में मेहमानों के बैठने के लिए सोफा हमेशा दक्षिण-पश्चिम दिशा (नैऋत्य कोण) में कुछ इस प्रकार रखना चाहिए कि घर के मुखिया का मुंह हमेशा पूर्व या उत्तर दिशा की तरफ रहे. कभी भी उत्तर-पूर्व दिशा में यह भारी सोफा या आलमारी आदि न रखें. वास्तु शास्त्र के अनुसार सोफे को कभी भी किसी बीम के नीचे नहीं रखना चाहिए. यदि संभव हो तो इस सोफे को किसी दीवार के सहारे लगाकर रखें.
किधर होना चाहिए ड्राइंग रूम का दरवाजा और खिड़की?
वास्तु के अनुसार ड्राइंग रूम का दरवाजा और खिड़की के लिए सबसे उत्तम दिशा पूर्व या उत्तर दिशा मानी गई है. ऐसे में शुभता और सकारात्मक उर्जा को पाने के लिए इसी दिशा में दरवाजा और खिड़की बनवाएं.
ड्राइंग रूम में टीवी किस दिशा में लगाएं?
वास्तु के अनुसार ड्राइंग रूम में टीवी और इलेक्ट्रानिक सामान हमेशा दक्षिण-पूर्व यानि आग्नेय कोण में लगाना चाहिए. इसे कुछ इस तरह यहां पर लगाएं कि टीवी देखते समय आपका मुंह पूर्व या उत्तर दिशा की ओर रहे. आप इस नियम को फालो करने के लिए चाहें तो पूर्व या उत्तर दिशा में भी टीवी लगा सकते हैं.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)














