चुनाव में दूसरे राज्यों से गए Observer के पास कौन-कौन सी पावर होती हैं? अजय पाल शर्मा को लेकर बंगाल में बवाल

Powers of Election Observer: चुनाव आयोग संवेदनशील राज्यों या इलाकों में निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए दूसरे राज्यों के सीनियर अफसरों को ऑब्जर्वर बनाकर भेजता है, जो स्थानीय दबाव से दूर रहकर स्वतंत्र रूप से चुनाव प्रक्रिया की निगरानी करते हैं.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
पश्चिम बंगाल में यूपी से आए ऑब्जर्वर को लेकर विवाद

Powers of Election Observer : पश्चिम बंगाल चुनाव के बीच यूपी के चर्चित आईपीएस अधिकारी अजय पाल शर्मा की एंट्री ने सियासत को गरमा दिया है. एक वीडियो में उनका सख्त अंदाज और स्थानीय नेता को दी गई चेतावनी वायरल होते ही राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए. कहीं उन्हें “कानून का सख्त अफसर” बताया जा रहा है, तो कहीं उनकी निष्पक्षता पर सवाल उठाए जा रहे हैं. लेकिन इस पूरे विवाद के बीच एक बड़ा सवाल खड़ा होता है. आखिर दूसरे राज्यों से भेजे गए चुनाव ऑब्जर्वर के पास क्या इतनी ताकत होती है कि उनके एक्शन से इतना बड़ा राजनीतिक तूफान खड़ा हो जाता है?

कौन होते हैं चुनाव ऑब्जर्वर और क्यों भेजे जाते हैं?

चुनाव आयोग संवेदनशील राज्यों या इलाकों में निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए दूसरे राज्यों के सीनियर अफसरों को ऑब्जर्वर बनाकर भेजता है. इसका मकसद साफ होता है कि स्थानीय दबाव या राजनीतिक प्रभाव से दूर रहकर वे स्वतंत्र तरीके से काम कर सकें. बंगाल जैसे हाई-स्टेक चुनाव में ऐसे ऑब्जर्वर की भूमिका और भी अहम हो जाती है.

सीधे चुनाव आयोग को करते हैं रिपोर्ट

चुनाव ऑब्जर्वर किसी राज्य सरकार के नहीं, बल्कि सीधे चुनाव आयोग के प्रति जवाबदेह होते हैं. मतलब अगर उन्हें कहीं गड़बड़ी दिखती है, तो वे तुरंत रिपोर्ट भेज सकते हैं और उस पर कार्रवाई हो सकती है. यही वजह है कि उनकी रिपोर्ट को काफी गंभीरता से लिया जाता है. ये लोग सुरक्षा और प्रशासन पर नजर रखते है और जरूरत पड़ने पर दखल भी दे सकते हैं.

इनका मुख्य काम होता है यह देखना कि कहीं वोटर्स को डराया-धमकाया तो नहीं जा रहा. अगर ऐसी शिकायत मिलती है, तो वे मौके पर पहुंचकर स्थिति को समझते हैं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश या सिफारिश देते हैं, जिन पर अमल की जिम्मेदारी स्थानीय पुलिस और प्रशासन की होती है. बंगाल में अजय पाल शर्मा ने कथित तौर पर वोटरों को धमकाने की शिकायत पर कार्रवाई की, जिससे विवाद खड़ा हुआ.

चुनाव प्रक्रिया रोकने तक की सिफारिश कर सकते हैं

अगर किसी इलाके में बड़े स्तर पर गड़बड़ी, हिंसा या धांधली की आशंका हो, तो ऑब्जर्वर चुनाव आयोग को रिपोर्ट देकर मतदान रोकने या दोबारा कराने की सिफारिश भी कर सकते हैं. यह उनकी सबसे बड़ी शक्तियों में से एक मानी जाती है. हालांकि उनकी भूमिका सिफारिश करने तक ही होती है, अंतिम फैसला चुनाव आयोग ही लेता है.

Advertisement

अफसरों पर भी कार्रवाई की सिफारिश

ऑब्जर्वर सिर्फ नेताओं या कार्यकर्ताओं पर नजर नहीं रखते, बल्कि स्थानीय प्रशासन और पुलिस की भूमिका भी जांचते हैं. अगर उन्हें लगता है कि कोई अधिकारी पक्षपात कर रहा है, तो वे उसके ट्रांसफर या सस्पेंशन की सिफारिश कर सकते हैं. हाल ही में बंगाल में चुनाव आयोग ने कई पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई भी की है, जिससे यह साफ होता है कि ऑब्जर्वर की रिपोर्ट का असर होता है.

लेकिन पूरी तरह 'सुपरपावर' नहीं होते ऑब्जर्वर

इन तमाम ताकतों के बाद भी ये समझना जरूरी है कि ऑब्जर्वर कोई सुपरपावर नहीं होता हैं. वे खुद से किसी को सजा नहीं दे सकते. न ही वे सीधे गिरफ्तारी या दंडात्मक कार्रवाई कर सकते हैं. वे अपनी रिपोर्ट और सिफारिश के जरिए चुनाव आयोग को फैसला लेने में मदद करते हैं. यानी उनकी ताकत ‘सुझाव' व ‘निगरानी' में है, न कि सीधी कार्रवाई में.

Advertisement

अजय पाल शर्मा केस क्यों बना इतना बड़ा मुद्दा?

अजय पाल शर्मा, जिन्हें यूपी में सख्त पुलिसिंग के लिए जाना जाता है, बंगाल के संवेदनशील दक्षिण 24 परगना इलाके में पुलिस ऑब्जर्वर के रूप में तैनात किए गए हैं. उनके काम करने के तरीके, स्थानीय नेताओं को दी गई चेतावनी और लगातार छापेमारी जैसी कार्रवाइयों ने उन्हें चर्चा के केंद्र में ला दिया. एक तरफ जहां उनके एक्शन को “फ्री एंड फेयर इलेक्शन” के लिए जरूरी बताया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर विपक्ष उन्हें पक्षपाती करार दे रहा है.

कुल मिलाकर ये कहा जा सकता है कि पर्दे के पीछे चुनाव ऑब्जर्वर की भूमिका बेहद अहम होती है. उनकी एक रिपोर्ट से कई चीजें बदल सकती हैं, अफसरों पर कार्रवाई हो सकती है और पूरे इलाके की सुरक्षा रणनीति बदल सकती है. यही वजह है कि जब भी कोई ऑब्जर्वर चर्चा में आता है, तो मामला सिर्फ एक अधिकारी का नहीं, बल्कि पूरे चुनावी सिस्टम की विश्वसनीयता से जुड़ जाता है.

Do You Know: जलेबी को इंग्‍ल‍िश में क्‍या बोलते हैं? सुनकर चकरा जाएगा दिमाग

Featured Video Of The Day
West Bengal Elections 2026 | 7 जिले 142 सीट, किसकी होगी जीत? | Mamata Banerjee | TMC | BJP