उत्तर प्रदेश सरकार ने भीषण गर्मी को देखते हुए बड़ा फैसला लिया है और बेसिक शिक्षा परिषद के तहत आनेवाले स्कूलों और मान्यता प्राप्त संस्थानों में गर्मी की छुट्टियां बढ़ा दी हैं. बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूल अब सीधा 25 जून को खुलेंगे. बेसिक और माध्यमिक शिक्षा के अतिरिक्त मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने इसको लेकर एक आदेश मंगलवार को जारी किया है. आदेश के अनुसार, अब हर साल गर्मी की छुट्टियां 20 मई से 24 जून तक होंगी और नियमित क्लासें 25 जून से शुरू होंगी. एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि गर्मी की छुट्टियों के बाद मंगलवार को स्कूल खुले थे, लेकिन नए आदेशों के साथ इन्हें बढ़ा दिया गया है. अब ये 25 जून को फिर से खुलेंगे. यह फैसला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर लिया गया है.
सरकार ने राज्य भर में बढ़ते तापमान के बीच बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और अच्छी शिक्षा को अपनी मुख्य प्राथमिकता बताया है. अधिकारियों ने कहा कि इस कदम से पूरे यूपी में एकेडमिक कैलेंडर में समानता आएगी और भीषण गर्मी के दौरान स्थानीय स्तर पर जिला प्रशासन को बार-बार छुट्टियां बढ़ाने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
आदेश में राइट टू एजुकेशन (RTE) एक्ट के नियमों का पालन करने पर भी जोर दिया गया. जिसके तहत हर एकेडमिक सेशन के दौरान कम से कम 220 वर्किंग डे और रेगुलर टीचिंग एक्टिविटी सुनिश्चित की जानी हैं.
21 जून के दिन बच्चों को आना होगा स्कूल
जारी आदेश के अनुसार, नए एकेडमिक सेशन की तैयारियों को पूरा करने के लिए टीचर, शिक्षा मित्र, इंस्ट्रक्टर और नॉन-टीचिंग स्टाफ को 22 जून से 24 जून तक स्कूल में रिपोर्ट करना होगा. वहीं इंटरनेशनल योगा डे मनाने के लिए 21 जून को स्कूलों में टीचर और स्टूडेंट के साथ मिलकर योग सेशन में हिस्सा लेना होगा.
बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करें
अधिकारियों ने बताया कि डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट (DM) को सलाह दी गई है कि वे कोई भी लोकल छुट्टी घोषित करने से पहले इन कानूनी ज़रूरतों को ध्यान में रखें. सरकार ने स्कूलों को बिना रुकावट बिजली, पीने का पानी और दूसरी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया है. इसके अलावा मिड-डे मील प्रोग्राम की व्यवस्था, टेक्स्टबुक का वितरण, स्कूल मैनेजमेंट कमिटी की मीटिंग, बाल वाटिका क्लास की तैयारी, स्कूल परिसर, किचन और टॉयलेट की सफ़ाई और खेल के सामान की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है.