बरेली में होमगार्ड भर्ती परीक्षा में दूसरे अभ्यर्थी की जगह एग्जाम देने पहुंचा युवक, पुलिस ने किया गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि जांच में ये बात सामने आई है कि आरोपी अनुराग ने शनिवार को भी रिठौरा स्थित दरबारी लाल शर्मा इंटर कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्र पर धर्मेंद्र सिंह नाम से परीक्षा दी थी, जिसे उसने पूछताछ में कुबूल भी कर लिया है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
आरोपी अनुराग ने दो अलग-अलग नामों से आधार कार्ड बनाए हुए हैं.

उत्तर प्रदेश में इन दिनों होमगार्ड भर्ती परीक्षा चल रही है. इस परीक्षा के दौरान बरेली में जालसाजी का एक मामला सामने आया है. जहां एक युवक किसी दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा देने पहुंच गया है. हालांकि समय रहते ही उसको पकड़ लिया गया. ये मामला 26 अप्रैल, 2026 का है. जानकारी के अनुसार होमगार्ड भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन एक युवक परीक्षा केंद्र एग्जाम देने के लिए पहुंचा. बायोमेट्रिक सत्यापन के दौरान उसे दबोच लिया गया. इस मामले के बारे में अधिक जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि रविवार को होमगार्ड भर्ती परीक्षा-2025 के दौरान बरेली स्थित साहू गोपीनाथ कन्या इंटर कॉलेज में बने केंद्र पर तैनात प्रभारी को परीक्षा के दौरान एक उम्मीदवार पर शक हुआ था. शक के बाद जब जांच की गई तो चौंकाने वाला सच सामने आया.

यूपी होमगार्ड भर्ती परीक्षा से जुड़ी जानकारी

  1. यूपी होमगार्ड भर्ती परीक्षा 25 अप्रैल से शुरू हुई है जो कि 27अप्रैल तक चलने वाली है. आज इस परीक्षा का आखिरी दिन है.
  2. परीक्षा दो पालियों में संचालित की जा रही है.ये परीक्षा राज्य के 74 जिलों में आयोजित हो रही है.
  3. रविवार को आयोजित परीक्षा में कुल 76.94% उम्मीदवार शामिल हुए थे.
  4. उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) के जरिए कुल 41,424 पदों पर भर्ती की जानी है.

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने आगे कहा, बायोमेट्रिक सत्यापन के दौरान संदेह होने पर अभ्यर्थी की गहराई से जांच की गई. उसका बायोमेट्रिक सत्यापन किया गया, तो डेटा मैच नहीं हुआ और उसकी पोल खुल गई. आरोपी रविवार को पहली पाली की परीक्षा देने पहुंचा था. आरोपी की पहचान हरदोई के टड़ियावां निवासी अनुराग के रूप में हुई है. युवक ने एक दिन पूर्व एक अन्य अभ्यर्थी के स्थान पर बरेली से बाहर परीक्षा दी थी. 

आर्य ने बताया कि जांच के दौरान ये बात सामने आई कि अनुराग ने शनिवार को भी रिठौरा स्थित दरबारी लाल शर्मा इंटर कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्र पर धर्मेंद्र सिंह नाम से परीक्षा दी थी, जिसे उसने पूछताछ में कुबूल भी कर लिया है. उन्होंने बताया कि इस सिलसिले में केंद्र प्रभारी निरीक्षक की लिखित तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की गयी है.

Advertisement

आरोपी के पास दो अलग-अलग नामों से आधार कार्ड

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने इस घटना की जानकारी देते हुए बताया 26 अप्रैल को जनपद बरेली के परीक्षा केन्द्र साहू गोपीनाथ कन्या इंटर कॉलेज में एक परीक्षार्थी जिसका नाम अनुराग था, जो दिनांक 25 अप्रैल को दरबारी लाल शर्मा इंटर कॉलेज पीलीभीत रोड रिठौरा परीक्षा केन्द्र पर भी परीक्षा में सम्मिलित हुआ था. छानबीन करने पर परीक्षार्थी के दो परीक्षा केन्द्रों पर बायो मेट्रिक, फोटो एवं रिकॉर्ड  एक समान पाए गए, जबकि नाम का अंतर पाया गया. जांच में ये भी बात सामने आई है कि आरोपी अनुराग ने दो अलग-अलग नामों से आधार कार्ड बनाए हुए हैं.

Featured Video Of The Day
Ahmedabad Civic Election: जीत अदाणी ने अपनी पत्नी के साथ अहमदाबाद में वोट डाला | Jeet Adani