Maharashtra Board Paper leak: कई राज्यों में इस समय 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं. इस बीच पेपर लीक होने की एक चौंकाने वाली खबर महाराष्ट्र से सामने आ रही हैं. गणित का पेपर एग्जाम होने से 3 दिन पहले ही लीक हो गया. ये मामला महाराष्ट्र के पुणे से सामने आया है. जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (Maharashtra State Board of Secondary and Higher Secondary Education) की 10वीं का गणित भाग-1 और गणित भाग- 2 का पेपर परीक्षा शुरू होने से पहले ही एक टेलीग्राम ग्रुप पर लीक हो गया. गणित भाग-2 का पेपर परीक्षा से 3 दिन पहले ही ग्रुप पर डाल दिया गया था. जब बोर्ड ने आधिकारिक प्रश्नपत्रों से इनका मिलान किया, तो दोनों पेपर पूरी तरह से समान पाए गए. इसके बाद प्रशासन की आंखें खुल गई .
पुलिस में करवाया केस दर्ज
इस मामले में पुणे विभागीय बोर्ड ने एक्शन लिया और शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने मामले की तुरंत जांच शुरू कर दी है. इस मामले में पुलिस ने टेलीग्राम ग्रुप के एडमिन और सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस फिलहाल इस मामले में तकनीकी जांच कर रही.
12वीं का पेपर भी हुआ था लीक
महाराष्ट्र से पेपर लीक होने का ये पहला मामला नहीं है. इससे पहले नागपुर में महाराष्ट्र बोर्ड द्वारा आयोजित 12वीं का रसायन विज्ञान का पेपर लीक हो गया था. ये पेपर सोशल मीडिया पर शेयर किया गया था. दरअसल एक छात्रा पेपर के बीच बार-बार शौचालय जा रही थी. ऐसे में उसपर संदेह उत्पन्न हुआ. जिसके बाद परीक्षकों ने छात्रा का फोन जब्त किया था. उसकी जांच करने पर पता चला कि परीक्षा शुरू होने से पहले ही एक व्हाट्सएप ग्रुप पर प्रश्नपत्र साझा किया गया था. इतना ही नहीं प्रश्नपत्र के साथ उत्तरों को भी साझा किया गया था.
रिपोर्टर-यशपाल सोकांबले