Jharkahnd Board 10th Result 2026: कहते हैं कि हौसले अगर बुलंद हों, तो बड़ी से बड़ी कठिनाई सफलता के रास्ते में बाधा नहीं बन सकती. इसे सच कर दिखाया है गोड्डा, झारखंड के रहने वाले फैजान ने. झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) द्वारा जारी 10वीं बोर्ड के नतीजों में फैजान ने 93.8 फीसदी अंक हासिल कर एक नई मिसाल पेश की है. फैजान ने यह उपलब्धि किसी सामान्य परिस्थिति में नहीं, बल्कि गंभीर सेरेब्रल पाल्सी (Cerebral Palsy) से जूझते हुए हासिल की है. जी हां आपने बिल्कुल सही पढ़ा. आइए आगे आर्टिकल में जानते हैं फैजान की प्रेरणादायक कहानी...
मुंह से कलम पकड़कर लिखी कामयाबी की इबारत
फैजान की सफलता का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. वीडियो में फैजान अपने मुंह में पेन पकड़कर लिखते हुए दिखाई दे रहे हैं. यह वीडियो किसी को भी भावुक कर सकता है. फैजान बताते हैं कि उन्हें अपनी सेरेब्रल पाल्सी के कारण काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा. उन्होंने बड़े ही सादगी से कहा, "मैं 96 फीसदी अंक लाना चाहता था, लेकिन मेरी स्थिति के कारण मैं कुछ क्षेत्रों में कमजोर रह गया, मेरे डायग्राम उतने बेहतर नहीं बन पाए." फैजान की यह जिद और उनकी मेहनत ही है कि उन्होंने 93.8 फीसदी के साथ विशेष रूप से सक्षम (Specially-abled) श्रेणी में टॉप किया है.
क्या है सेरेब्रल पाल्सी?
नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूरोलॉजिकल डिसऑर्डर्स एंड स्ट्रोक्स के अनुसार, सेरेब्रल पाल्सी मस्तिष्क से जुड़ा एक विकार है जो बचपन में ही सामने आता है. यह शरीर की गति, मांसपेशियों के तालमेल, संतुलन और पोस्चर को स्थायी रूप से प्रभावित करता है.
JAC रिजल्ट: सफलता का नया कीर्तिमान
इस वर्ष झारखंड बोर्ड की मैट्रिक परीक्षा में कुल 95.27 फीसदी छात्र उत्तीर्ण हुए हैं. परिषद के आंकड़ों के अनुसार, कुल 4,22,109 छात्र परीक्षा में शामिल हुए थे, जिनमें से 4,02,178 छात्र सफल घोषित किए गए हैं. बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल जारी किए गए रिजल्ट प्रोविजनल हैं. ओरिजनल मार्कशीट और प्रमाण-पत्र स्कूलों के माध्यम से छात्रों तक पहुंचाए जाएंगे.
यह भी पढ़ें- CBSE की दूसरी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे इतने लाख छात्र, बोर्ड ने जारी किए आंकड़े