जेईई मेन 2027 की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने एक जरूरी सलाह जारी की है. एजेंसी ने कहा है कि जनवरी सेशन की परीक्षा के लिए छात्र ऑफिशियल प्रीवियस ईयर क्वेश्चन्स से तैयारी करें. कोटा के एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा ने बताया कि छात्र इससे अपनी तैयारी को धार दे सकते हैं. एनटीए ने अपने आधिकारिक एक्स (ट्विटर) हैंडल पर ये जानकारी दी है कि छात्रों की सुविधा के लिए ये पुराने प्रश्न पत्र वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए गए हैं. इन्हें छात्र यहां से आसानी से डाउनलोड कर प्रैक्टिस शुरू कर सकते हैं.
पिछले कई सालों के पेपर करें सॉल्व
एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा ने बताया कि जेईई मेन की तैयारी करने वाले छात्रों को NTA की आधिकारिक वेबसाइट से तुरंत पिछले तमाम सालों के असली पेपर डाउनलोड करने चाहिए. रोजाना इन्हें खुद से सॉल्व करने की प्रैक्टिस करनी चाहिए और देखना चाहिए कि आप कहां और किस तरह के सवालों में फंस रहे हैं. एक बार सभी पेपर सॉल्व करने के बाद जेईई मेन परीक्षा देने में कोई परेशानी नहीं होगी और तमाम कॉन्सेप्ट क्लियर होंगे.
आवेदन का आंकड़ा 12 लाख के करीब
जेईई मेन 2027 के जनवरी सेशन के लिए अब तक करीब 12 लाख छात्र आवेदन कर चुके हैं. एनटीए के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, कुल 11,67,228 छात्रों ने ऑनलाइन फॉर्म भरा है. इनमें से 9,53,368 छात्रों ने आवेदन के साथ-साथ परीक्षा की फीस भी जमा कर दी है. ऑनलाइन आवेदन करने की आखिरी तारीख 22 नवंबर है. ऐसे में छात्रों और अभिभावकों को सलाह दी जाती है कि वे आखिरी तारीख का इंतजार न करें और समय रहते अपना फॉर्म पूरा कर लें, क्योंकि अंतिम समय में वेबसाइट पर दबाव बढ़ सकता है.
4 आसान स्टेप्स में पूरा करें आवेदन
जनवरी सेशन के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरने की प्रक्रिया काफी आसान है. छात्र इसे इन 4 चरणों में पूरा कर सकते हैं:
- सबसे पहले अपने जरूरी दस्तावेज अपलोड करें
- इसके बाद आवेदन फॉर्म में मांगी गई जानकारी भरें
- ऑनलाइन माध्यम से परीक्षा शुल्क का भुगतान करें
- आखिर में कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड करें
एक्सपर्ट देव शर्मा ने साफ किया है कि आवेदन की प्रक्रिया तभी पूरी मानी जाएगी, जब फीस जमा करने के बाद कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड हो जाएगा. छात्रों को इस कन्फर्मेशन पेज का एक प्रिंटआउट निकालकर अपने पास सुरक्षित रखना चाहिए. इच्छुक छात्र आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर जाकर अपना आवेदन पूरा कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें | बेटों को पढ़ाने के लिए पिता ने बेची जमीन, अब एक बनेगा डॉक्टर और दूसरा इंजीनियर
यह भी पढ़ें | JEE Main के 48 FAQ पर एक्सपर्ट की बड़ी सलाह, मार्क्स इंप्रूवमेंट वाले छात्र भूलकर भी न चुनें 'अपीयरिंग' ऑप्शन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं