मिडिल ईस्ट देश में इस समय युद्ध चल रहा है. जिसका सीधा असर बच्चों के बोर्ड एग्जाम पर पड़ा रहा है. सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (CBSE) से संबद्ध स्कूलों में इस समय 10वीं और 12वीं के बोर्ड एग्जाम चल रहे हैं. मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध को देखते हुए केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने 2 मार्च, 5 और 6 मार्च, 2026 को आयोजित होने वाली बोर्ड परीक्षाओं को स्थगित कर दिया था. वहीं आज मिडिल ईस्ट इलाके में 7 मार्च से होने वाली परीक्षाओं के बारे में CBSE फैसला लेगा. मिडिल ईस्ट इलाका अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच चल रहे झगड़े से बुरी तरह प्रभावित हुआ है.
बोर्ड ने 3 मार्च को कई मिडिल ईस्ट देशों में 5 और 6 मार्च, 2026 को होने वाली क्लास 10 और क्लास 12 की परीक्षाओं को टालने की घोषणा की थी. ऐसा बढ़ते इलाके के तनाव के बीच स्टूडेंट्स की सुरक्षा का हवाला देते हुए किया गया था. स्टूडेंट्स को सलाह दी गई थी कि वे अपडेट के लिए अपने-अपने स्कूलों के संपर्क में रहें और ऑफिशियल अनाउंसमेंट को ध्यान से फॉलो करें.
- बोर्ड की परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू हुईं.
- इस साल 43 लाख से ज़्यादा स्टूडेंट्स ने हिस्सा ले रहे हैं.
- क्लास 10 में लगभग 25 लाख और क्लास 12 में लगभग 18.5 लाख स्टूडेंट्स परीक्षा में शामिल हुए हैं.
- केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के 200 से ज्यादा स्कूल मिडिल ईस्ट देशों में हैं.
- सबसे ज्यादा स्कूल यूएई में हैं और उसके बाद सऊदी अरब में.
सीबीएसई ने कहा था कि स्थगित परीक्षाओं की संशोधित तिथियां जल्द ही घोषित की जाएंगी. छात्रों और अभिभावकों को सलाह दी गई थी कि वे अपने-अपने स्कूलों के संपर्क में रहें और आधिकारिक वेबसाइट या स्कूल प्रशासन से ही अपडेट प्राप्त करें. किसी भी प्रकार की अफवाह या अपुष्ट जानकारी पर भरोसा न करने की भी अपील की गई है. मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के कारण कई देशों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. ऐसे हालात में परीक्षाओं का संचालन चुनौतीपूर्ण माना जा रहा था.
बता दें कि इजरायल और अमेरिका ने ईरान पर हमला किया है. इजरायल और अमेरिकी आर्मी ने ईरान की राजधानी तेहरान समेत कई शहरों में मिसाइलें दागी हैं. ईरान में राष्ट्रपति भवन को निशाना बनाया गया। इस हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनेई की भी मौत हो गई है.