केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने मई में होने वाली कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा के लिए उम्मीदवारों की सूची जमा करने के संबंध में एक नोटिस जारी किया है. उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर इसे देख सकते हैं. बोर्ड ने LOC (उम्मीदवारों की सूची) जमा करने की प्रक्रिया को तीन चरणों में बांटा है. LOC की पूरी प्रक्रिया स्कूल के माध्यम से पूरी की जाएगी. पहले चरण की प्रक्रिया के तहत केवल LOC (उम्मीदवारों की सूची) से जुड़ी जानकारी भरी जाएगी. इसके लिए कोई शुल्क नहीं लगेगा. इस चरण का मकसद उन उम्मीदवारों की अनुमानित संख्या का पता लगाना है जो दूसरी बोर्ड परीक्षा में शामिल होना चाहते हैं. ऐसा करने से CBSE बच्चों की संख्या के हिसाब से अपनी तैयारी शुरू कर सकेगा.
दूसरे चरण के तहत छात्र को उन विषयों की जानकारी देनी होगी. जिसका एग्जाम वो देना चाहते हैं. लेकिन एक बार विषय का चयन करने के बाद उनमें बदलाव नहीं किया जा सकेगा. यानी नाम नहीं हटाया जा सकेगा और न ही नया विषय जोड़ा जा सकेगा. LOC के आखिरी चरण में परीक्षा का निर्धारित शुल्क जमा करना होगा. शुल्क जमा न करने पर परीक्षा में बैठने का मौका नहीं दिया जाएगा.
नोटिफिकेशन के अनुसार LOC जमा करने और एग्जाम फीस के पेमेंट के बाद, अगर कोई स्टूडेंट दूसरे बोर्ड एग्जाम में नहीं बैठना चाहता है, तो रिजल्ट घोषित करने के लिए मेन एग्जाम में परफॉर्मेंस का इस्तेमाल किया जाएगा.
एक्स्ट्रा फीस लेने पर होगा एक्शन
बोर्ड ने यह भी कहा है कि कुछ स्कूल दूसरे बोर्ड एग्जाम के लिए LOC जमा करते समय स्टूडेंट्स से तीन महीने की ट्यूशन फीस मांग रहे हैं, जो CBSE के नियमों का उल्लंघन है और इसे तुरंत बंद किया जाना चाहिए. CBSE ने स्कूलों को निर्देश दिया है कि वे केवल LOC सर्कुलर में बताई गई फीस ही लें. स्कूल CBSE के नियमों का पालन करें. इन निर्देशों का कोई भी उल्लंघन गंभीरता से लिया जाएगा.