बिहार लोक सेवा आयोग की 72वीं परीक्षा को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. बताया गया है कि परीक्षा अब 17 जनवरी 2027 को आयोजित हो सकती है. इससे पहले इसकी तारीखों को दो बार बदला जा चुका है. पहले ये एग्जाम 26 जुलाई को होना था, जिसे बाद में स्थगित कर दिया गया. इसके बाद 25 अक्टूबर की नई तारीख दी गई, लेकिन इस तारीख को भी एग्जाम नहीं हो पाया था. अब अभ्यर्थियों को पिछले कई दिनों से नई तारीख का इंतजार है. हालांकि अब भी परीक्षा की संभावित तारीख सामने आई है.
उम्मीदवारों का बढ़ रहा इंतजार
BPSC की संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा का इंतजार लाखों युवा करते हैं, लेकिन पिछले करीब 6 महीने से ज्यादा का वक्त बीत चुका है और आयोग की तरफ से तारीख पर तारीख दी जा रही है. पहले ही आयोग की इसे लेकर किरकिरी हो रही है और अभ्यर्थी लगातार हमलावर हैं, ऐसे में इस बार संभावित तारीख जारी की गई है. यानी अगर तीसरी बार बदलाव होता है तो ये कहा जा सकता है कि 17 जनवरी की तारीख सिर्फ संभावित थी. फिलहाल आधिकारिक तारीख का इंतजार अब भी बना हुआ है. अभ्यर्थी लगातार आधिकारिक वेबसाइट bpsc.bihar.gov.in पर नजर बनाए रखें.
क्या होता है एग्जाम पैटर्न?
BPSC प्रारंभिक परीक्षा कुल 150 नंबर की होती है, जिसमें Objective सवाल पूछे जाते हैं. इसके लिए 2 घंटे का समय मिलता है. साथ ही 1/3 नेगेटिव मार्किंग का भी प्रावधान है. बिहार लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं में अब पांचवां विकल्प भी दिया जा रहा है. जिन्हें सवाल का उत्तर नहीं आता है उन्हें पांचवें विकल्प (E) पर टिक करना होगा. ऐसा नहीं करने पर नेगेटिव मार्किंग होगी.
प्रीलिम्स के बाद चुने गए उम्मीदवारों को मेंस परीक्षा देनी होती है. इसके बाद इंटरव्यू लिया जाता है और फिर आखिरी मेरिट लिस्ट बनती है. कुल 1186 पदों पर भर्ती निकाली गई है, ऐसे में इस बार आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की संख्या भी काफी ज्यादा है.
यह भी पढ़ें | NIA में 50 पदों पर निकली भर्ती, 1.51 लाख तक मिलेगी सैलरी; यहां मिलेगी हर जानकारी
यह भी पढ़ें | JEE Main की तैयारी के लिए NTA ने जारी किए पिछले साल के क्वेश्चन पेपर, एक्सपर्ट ने दी ये सलाह
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं