Bihar Budget 2026: बिहार के युवाओं की बल्ले-बल्ले! पुलिस भर्ती से लेकर शिक्षा तक, नौकरियों की आई बाढ़

Bihar Budget 2026:  : बिहार बजट 2026 में नौकरियों की बौछार, 31,000 पुलिस भर्ती और शिक्षा विभाग के लिए 70,000 करोड़ का प्रावधान. पूरी जानकारी यहां पढ़ें.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
Bihar Budget 2026 : 31 हजार पुलिस भर्ती और शिक्षा में भारी निवेश बिहार की तस्वीर बदलने वाला साबित हो सकता है.
IANS

Bihar Budget 2026:  बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने साल 2026-27 का जो बजट पेश किया है, उसने राज्य के युवाओं के चेहरे पर मुस्कान ला दी है. इस बार सरकार का पूरा फोकस 'सड़क और नाली' से हटकर 'नौकरी और पढ़ाई' पर शिफ्ट हो गया है. अगर आप सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं या शिक्षा के क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं, तो यह बजट आपके लिए किसी तोहफे से कम नहीं है.

पुलिस महकमे में 31 हजार नई भर्तियां

इस बजट की सबसे बड़ी हेडलाइन पुलिस भर्ती है. सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं को रोजगार देने के लिए 31,000 नई भर्तियों का एलान किया है. इसमें सबसे खास बात यह है कि 17,000 एसएपी (SAP) जवानों की बहाली होगी. इतना ही नहीं, पहली बार पैरा मिलिट्री के जवानों को भी इसमें मौका दिया जा रहा है.

इसके अलावा, 13,000 होमगार्ड के जवानों की तैनाती का भी रास्ता साफ हो गया है. इन जवानों को अब 1121 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से मानदेय मिलेगा, जिससे हजारों परिवारों की आर्थिक स्थिति सुधरेगी. बिहटा में फायर ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट और एआई (AI) तकनीक के इस्तेमाल से इस सेक्टर में भी टेक्निकल एक्सपर्ट्स के लिए नए रास्ते खुलेंगे.

शिक्षा सुधार के लिए खर्च होंगें 70 हजार करोड़ 

इस बार बिहार के बजट में शिक्षा पर विशेष जोर दिया गया है. साल 2026-27 के लिए करीब 70 हजार करोड़ रुपये शिक्षा पर खर्च होंगे. इसमें शिक्षा विभाग को 60204.60 करोड़, उच्च शिक्षा विभाग को 8003.57 करोड़ तथा विज्ञान, टेक्नोलॉजी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग को 1003.57 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि दी जा रही है. 534 प्रखंडों में मॉडल स्कूल खोले जाएंगे. 55 कॉलेजों को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाया जाएगा. 211 नए डिग्री कॉलेज खुलेंगे और उच्च शिक्षण संस्थानों के विकास पर सैकड़ों करोड़ रुपये खर्च होंगे.

'एजुकेशन सिटी' से खोलेगा रोजगार का रास्ता

मुंगेर, पूर्णिया और पाटलिपुत्र यूनिवर्सिटी को नए भवन मिलेंगे और सभी यूनिवर्सिटीज को समर्थ पोर्टल से जोड़ा जाएगा.

आपको बता दें कि मुंगेर, पूर्णिया और पाटलिपुत्र यूनिवर्सिटी को नए भवन मिलने से यहां स्टाफ और प्रोफेसरों की जरूरतें बढ़ेंगी, जिससे आने वाले समय में एकेडमिक सेक्टर में नौकरियों की भरमार रहेगी.

'एजुकेशन सिटी' की स्थापना की भी घोषणा की गई है, जो रिसर्च और इनोवेशन का बड़ा केंद्र बनेगा. वहीं साल में दो बार छह लाख शिक्षकों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा. स्कूल भवनों के निर्माण और मरम्मत पर भी भारी राशि खर्च होगी.

जेलों में भी पढ़ाई और बदलाव

जेल व्यवस्था में भी बदलाव हुआ है. सभी जेलों में CCTV कैमरे लगा दिए गए हैं और हर गतिविधि पर ऑनलाइन नजर रखी जा रही है. इसके अलावा एक पहाड़ी इलाके में हाई सिक्योरिटी जेल बनाने की योजना है, जहां खतरनाक अपराधियों को रखा जाएगा. सबसे अच्छी बात यह है कि अब जेल के अंदर भी पढ़ाई पर जोर दिया जा रहा है. बिहार ऐसा राज्य बन रहा है जहां सबसे ज्यादा बंदी पढ़ाई कर रहे हैं. इस साल 1256 बंदी 10वीं बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे. 

Advertisement

कुल मिलाकर यह बजट बताता है कि बिहार अब सुरक्षित भी होगा और शिक्षित भी और यही उसकी असली ताकत बनेगी.

Featured Video Of The Day
Delhi News रफ्तार का कहर, कई घायल, कार के उड़े परखच्चे | BREAKING NEWS