Bihar Board Class 12 Result: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने आज, 23 मार्च 2026 को इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा के नतीजे जारी कर दिए हैं. इस साल का रिजल्ट न केवल शानदार रहा, बल्कि एक बार फिर बेटियों ने सफलता के झंडे गाड़ दिए हैं. बता दें इस साल कुल 85.19 प्रतिशत छात्र-छात्राओं ने सफलता हासिल की है. इस बीच, पटना की अदिति कुमारी कॉमर्स स्ट्रीम में स्टेट टॉपर बनकर उभरी हैं, जिनकी सफलता की कहानी अब सोशल मीडिया पर छाई हुई है.
सादगी और मेहनत से मिली सफलता
राजधानी पटना की रहने वाली अदिति कुमारी ने कॉमर्स स्ट्रीम में 480 अंक (96%) प्राप्त कर पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है. अपनी इस अचीवमेंट पर खुशी जाहिर करते हुए अदिति ने बताया कि उनकी इस सफलता का कोई 'शॉर्टकट' नहीं था.
अदिति ने मीडिया से बातचीत में कहा, "मेरा गोल हमेशा से क्लीयर था. मैंने अपनी तैयारी को आसान रखा और कॉन्सेप्ट्स (Clarity of Concepts) को समझने पर ध्यान दिया. नियमित रिवीजन ही मेरी सबसे बड़ी ताकत रही."
AI के दौर में 'बेसिक पढ़ाई' पर भरोसाआज के दौर में जहां छात्र पढ़ाई के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डिजिटल टूल्स पर निर्भर हैं, वहीं अदिति ने एक अलग राह चुनी. उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी तैयारी के दौरान AI टूल्स का सहारा न के बराबर लिया. उन्होंने पारंपरिक तरीके से किताबों, नोट्स और शिक्षकों पर भरोसा किया. अदिति का सपना अब एक चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) बनने का है, और उनकी यह जीत उस दिशा में पहला बड़ा कदम है.
BSEB के अध्यक्ष आनंद किशोर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस बार हर स्ट्रीम में कड़ा मुकाबला देखने को मिला:
साइंस स्ट्रीमसमस्तीपुर के आदित्य प्रकाश अमन ने 481 अंक (96.2%) के साथ टॉप किया.
आर्ट्स स्ट्रीमगया की निशु कुमारी ने 479 अंक (95.8%) हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया.
शिक्षा मंत्री ने दी बधाई, छात्रों को मिला प्रोत्साहन
बिहार के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने नतीजों की घोषणा करते हुए सभी सफल छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने उन छात्रों का भी ढांढस बंधाया जो इस बार सफल नहीं हो सके. मंत्री ने कहा, "जो छात्र उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए, वे निराश न हों. उन्हें दोबारा परीक्षा देने का मौका मिलेगा. माता-पिता से अपील है कि वे बच्चों पर दबाव बनाने के बजाय उन्हें सपोर्ट करें."