Delhi First Heat Stroke Case: देश की राजधानी दिल्ली में भीषण गर्मी के बीच हीट स्ट्रोक का पहला मामला सामने आया है. एक 24 वर्षीय छात्र भीषण गर्मी के कारण हीट स्ट्रोक की चपेट में आ गया, जिसे गंभीर हालत में राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. जानकारी के मुताबिक, 24 वर्षीय छात्र को 105°F बुखार था. इसके अलावा उसे बार-बार उल्टी और अनियंत्रित दस्त की शिकायत थी.
जानकारी के मुताबिक, पश्चिम बंगाल का रहने वाला छात्र ट्रेन से दिल्ली आ रहा था. यात्रा के दौरान अचानक उसे तेज बुखार आ गया और उसका मानसिक संतुलन बिगड़ गया. वो अपना होश-हवास खो बैठा. छात्र को गंभीर हालत में आरएमएल अस्पताल के आपातकालीन विभाग में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. बताया जा रहा है कि युवक को पहले से कोई बीमारी नहीं थी और घटना से पहले वह पूरी तरह स्वस्थ था.
डॉक्टरों ने बिना समय गंवाए सांस की नली को सुरक्षित करने के लिए मरीज को तुरंत वेंटिलेटर पर लिया और अस्पताल के विशेष हीट स्ट्रोक यूनिट में शिफ्ट कर दिया. वहीं मरीज की हालत देखकर डॉक्टरों ने तुरंत इमर्शन कूलिंग ट्रीटमेंट शुरू किया.
आरएमएल अस्पताल के मेडिसिन निदेशक डॉ. अजय चौहान ने लोगों से भीषण गर्मी के दौरान पर्याप्त मात्रा में पानी, ओआरएस और इलेक्ट्रोलाइट्स का सेवन करने और बार-बार छाया में आराम करने का आग्रह किया है.













