Success Story: MBA से UPSC तक का सफर: दिल्ली DCP आकांक्षा यादव ने बताया बिना कोचिंग कैसे बनीं IPS

IPS आकांक्षा दिल्ली में DCP नॉर्थ-वेस्ट हैं. उन्होंने बताया कि ज्यादातर एस्पिरेंट्स इंटरव्यू के दौरान सबसे ज्यादा क्या गलती करते हैं. आकांक्षा यादव ने बिना किसी कोचिंग के यूपीएससी परीक्षा पास की.

विज्ञापन
Read Time: 6 mins
IPS आकांक्षा यादव ने बताया कैसा रहा उनका सफर

पहले ही प्रयास में प्रीलिम्स और मेंस पास कर लिया, लेकिन इंटरव्यू में हुई एक गलती ने बड़ा सबक सिखाया. दिल्ली की DCP नॉर्थ-वेस्ट अकांक्षा यादव ने NDTV से खास बातचीत में अपनी UPSC की तैयारी, IPS बनने के सफर, पुलिस की जिम्मेदारियों और सिविल सेवा की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए कई अहम बातें साझा की. उन्होंने बताया कि किस तरह पहले प्रयास के इंटरव्यू में हुई एक छोटी-सी गलती से उन्होंने सीखा और कैसे आज भी समाज को समझने की उनकी पढ़ाई पुलिस सेवा में काम आती है.

MBA के दौरान शुरू की UPSC की तैयारी

अकांक्षा यादव 2014 बैच की IPS अधिकारी हैं. वह दिल्ली की रहने वाली हैं और उनकी शुरुआती पढ़ाई से लेकर ग्रेजुएशन तक की शिक्षा दिल्ली में ही हुई. इसके बाद उन्होंने पुणे के सिम्बायोसिस से MBA किया. MBA के बाद उन्होंने किसी कॉरपोरेट कंपनी में नौकरी नहीं की. इसी दौरान उन्होंने सिविल सेवा की तैयारी शुरू कर दी थी. वह खाली समय में झुग्गी-बस्तियों में रहने वाले बच्चों को पढ़ाने भी जाया करती थी.

अकांक्षा बताती हैं कि UPSC में उनका ऑप्शनल विषय समाजशास्त्र (Sociology) था. इस विषय ने न सिर्फ परीक्षा में उनकी मदद की, बल्कि IPS बनने के बाद भी उनके काम को एक नई समझ दी. उन्होंने कहा, “समाजशास्त्र पढ़ने से आपको यह समझने में मदद मिलती है कि समाज एक इकाई के रूप में कैसे काम करता है, लोगों के समूह कैसे बनते हैं और किसी सामाजिक समस्या के पीछे क्या कारण होते हैं.”

वह मानती हैं कि पुलिस की नौकरी में हर दिन समाज और उससे जुड़ी समस्याओं से सामना होता है. ऐसे में किसी घटना को केवल अपराध के रूप में देखने के बजाय उसके पीछे के सामाजिक, सांस्कृतिक और दूसरे कारणों को समझना भी जरूरी है. 

पहले प्रयास के इंटरव्यू में घबराहट बनी कमजोरी

UPSC की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए IPS अकांक्षा यादव ने अपने शुरुआती संघर्ष का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि प्रीलिम्स और मेंस परीक्षा उन्होंने पहले ही प्रयास में पास कर ली थी. लेकिन मेंस में निबंध (Essay) के पेपर में अपेक्षा के मुताबिक अंक नहीं मिले. बाद में उन्हें महसूस हुआ कि उनका निबंध उतना व्यवस्थित और प्रभावशाली नहीं था, जितना होना चाहिए था. अगले प्रयास में उन्होंने अपने विचारों को बेहतर तरीके से जोड़ने और उन्हें स्पष्ट रूप से प्रस्तुत करने पर विशेष ध्यान दिया.

Advertisement

इंटरव्यू के पहले प्रयास में भी उन्हें एक अहम सीख मिली. अकांक्षा बताती हैं कि पहली बार इंटरव्यू बोर्ड के सामने बैठते समय वह काफी घबराई हुई थी. बोर्ड के सदस्य अच्छे सवाल पूछ रहे थे, लेकिन घबराहट में वह बिना सोचे-समझे बहुत तेजी से जवाब देने लगीं. उनके जवाब में स्पष्टता नहीं थी.

इंटरव्यू में जवाब देने से पहले लें 2-3 सेकंड का विराम

अपने अनुभव के आधार पर वह UPSC एस्पिरेंट को एक खास सलाह देती हैं. उनके मुताबिक, इंटरव्यू में सवाल सुनते ही तुरंत जवाब देने की जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए. उन्होंने कहा, “जब भी आपसे कोई सवाल पूछा जाए, तो दो-तीन सेकंड का विराम लीजिए. पहले अपने मन में जवाब के बारे में सोचिए और फिर बोलना शुरू कीजिए. इससे आपका जवाब ज्यादा स्पष्ट, व्यवस्थित और प्रभावशाली होगा. आप जो कहना चाहते हैं, वह सही तरीके से सामने वाले तक पहुंच पाएगा.” IPS बनने के बाद अकांक्षा को देश के अलग-अलग हिस्सों में काम करने का अवसर मिला, जहां उन्होंने कानून-व्यवस्था से जुड़ी विविध चुनौतियों का सामना किया.

Advertisement

दिल्ली, पुडुचेरी से अरुणाचल प्रदेश तक का सफर

अकांक्षा यादव की पहली पोस्टिंग दिल्ली के पश्चिम विहार में ACP के तौर पर हुई. ये इलाका अपराध की दृष्टि से काफी संवेदनशील था. इसमें निहाल विहार जैसे क्षेत्र भी शामिल थे, जहां बड़ी संख्या में झुग्गी-बस्तियां थी और आए दिन गंभीर आपराधिक घटनाएं सामने आती थी.

इसके बाद उनकी पोस्टिंग पुडुचेरी में SSP के रूप में हुई, जहां उन्होंने दो साल से अधिक समय तक सेवाएं दीं. फिर उनका तबादला अरुणाचल प्रदेश हुआ. वहां उन्हें चीन और म्यांमार की सीमा के नजदीक काम करने का अवसर मिला. उन्होंने अरुणाचल प्रदेश में करीब चार साल तक अपनी सेवाएं दीं. इसके बाद वह दिल्ली लौटीं. यहां उन्होंने दक्षिण-पश्चिम जिले में एडिशनल DCP के तौर पर काम किया. फिर DCP प्रेसिडेंट सेल और उसके बाद DCP नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली की जिम्मेदारी संभाली.

सुबह कितने बजे शुरू हो जाता है DCP का दिन?

एक DCP की दिनचर्या कैसी होती है? क्या पुलिस अधिकारियों की नौकरी भी आम सरकारी नौकरियों की तरह 9 से 6 बजे तक सीमित होती है? इस सवाल पर अकांक्षा यादव कहती हैं कि पुलिस सेवा में समय की कोई तय सीमा नहीं होती.  उन्होंने कहा, "हेक्टिक इस अंडर स्टेटमेंट." उनका दिन आमतौर पर सुबह 6:30 बजे शुरू होता है, जब वह रातभर हुई घटनाओं, गंभीर अपराधों और पुलिस बल की तैनाती की समीक्षा करती हैं. इसके बाद FIR, चोरी, लूट और अन्य आपराधिक मामलों की जानकारी ली जाती है.

Advertisement
सुबह अधिकारियों के साथ बैठकों में रातभर की घटनाओं और आगे की रणनीति पर चर्चा होती है. अगर अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एक जैसी वारदातें सामने आती हैं, तो संभावित गिरोहों की गतिविधियों की जांच कर विशेष योजना बनाई जाती है. दिनभर फाइलों की समीक्षा, थानों का निरीक्षण, शिकायतकर्ताओं से मुलाकात और फील्ड विजिट का सिलसिला चलता रहता है. 

अकांक्षा बताती हैं कि वह केवल पुलिस स्टेशन में बैठकर काम करने में विश्वास नहीं करतीं. वह आम लोगों से मिलने, उनकी शिकायतें सुनने और मौके पर जाकर समस्याओं का समाधान तलाशने की कोशिश करती हैं. उनका कहना है कि काम अक्सर रात 10-11 बजे तक चलता है, क्योंकि पुलिस सेवा किसी तय समय की नहीं, बल्कि 24x7 जिम्मेदारी वाली नौकरी है.

छात्रों को संदेश: दिल से करें तैयारी, विकल्प भी खुले रखें

सिविल सेवा की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अकांक्षा यादव का संदेश है कि इस परीक्षा की तैयारी पूरे समर्पण और ईमानदारी से करनी चाहिए. ऑप्शनल विषय चुनते समय भी दूसरों की देखा-देखी करने के बजाय अपनी रुचि को प्राथमिकता देनी चाहिए. उन्होंने कहा, “अपना ऑप्शनल वही चुनिए, जिसे पढ़ने में आपको मजा आए. पूरी मेहनत कीजिए और अपना सर्वश्रेष्ठ दीजिए.”

Advertisement

वह ये भी मानती हैं कि सिविल सेवा में चयन पाना बेहद कठिन है, लेकिन परीक्षा में सफलता नहीं मिलने का मतलब जिंदगी में असफल होना नहीं है. युवाओं के लिए दूसरे क्षेत्रों में भी कई अवसर मौजूद हैं.

अकांक्षा कहती हैं, “अगर आप समाज और लोगों की सेवा करना चाहते हैं, तो यह बहुत अच्छी सेवा है. हमें अच्छे और प्रतिभाशाली युवाओं की जरूरत है. लेकिन अगर आप सिविल सेवा में चयनित नहीं हो पाते हैं, तो यह दुनिया का अंत नहीं है. बहुत सारे दूसरे विकल्प और अवसर मौजूद हैं. अपना सर्वश्रेष्ठ दीजिए और बाकी ईश्वर पर छोड़ दीजिए.”

(इनपुट - अनिल कुमार)

यह भी पढ़ें | अमेरिका की नौकरी छोड़ पहली ही कोशिश में बनीं IPS, नॉर्थ दिल्ली DCP निहारिका भट्ट ने बताया सक्सेस मंत्र

यह भी पढ़ें | भाई-बहन बने IAS-IPS, पल्लवी मिश्रा-आदित्य मिश्रा की सफलता में संयुक्त परिवार बना सबसे बड़ी ताकत

Featured Video Of The Day
पटना के सदाकत आश्रम में हंगामा, NSUI सदस्यों ने मीडिया से की मारपीट!
Topics mentioned in this article
Success Story
IPS Success Story
IPS Akanksha Yadav
Delhi DCP

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं