खास बातें
- सुप्रीम कोर्ट ने चंदोलिया की उस अर्जी पर सुनवाई करने पर सहमति जताई है, जिसमें उन्होंने अपनी जमानत पर हाईकोर्ट द्वारा लगाई गई रोक को चुनौती दी है।
New Delhi: सुप्रीम कोर्ट ने 2जी घोटाला मामले के आरोपी आरके चंदोलिया की उस अर्जी पर सुनवाई करने पर सहमति जताई है, जिसमें उन्होंने अपनी जमानत पर दिल्ली हाईकोर्ट द्वारा लगाई गई रोक को चुनौती दी है। न्यायमूर्ति अल्तमस कबीर, न्यायमूर्ति एसएस निज्जर और न्यायमूर्ति जे चेलमेश्वर की पीठ ने मामले को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया है। सुनवाई दोपहर 2 बजे होगी। पूर्व दूरसंचार मंत्री ए राजा के निजी सचिव चंदोलिया को सीबीआई की विशेष अदालत ने जमानत दे दी थी। इसके बाद उन्हें 1 दिसंबर को तिहाड़ जेल से रिहा कर दिया गया था। बाद में हाईकोर्ट ने स्वत: संज्ञान लेते हुए उनकी जमानत पर रोक लगा दी थी। बाद में चंदोलिया ने हाईकोर्ट के इस आदेश को अनुचित और गलत कहते हुए चुनौती दी थी। सुप्रीम कोर्ट की पीठ ने 5 दिसंबर को चंदोलिया के वकील से कहा था कि पीठ अभी तक आश्वस्त नहीं है कि संबंधित अपील उसके कार्यक्षेत्र के अंदर आती है या नहीं। बाद में न्यायालय ने वकील से कहा था कि वह बुधवार को सुप्रीम कोर्ट की रजिस्ट्री में इस मामले को फिर से रखें, जिसके बाद यह देखा जाएगा कि इस मामले को सुनवाई के लिए लिया जा सकता है या नहीं।