यह ख़बर 14 नवंबर, 2013 को प्रकाशित हुई थी

523 करोड़ रुपये में दुनिया का सबसे महंगा हीरा बना 'पिंक स्टार'

जिनीवा:

दुनियाभर में औरतों के मन में हीरे से स्वाभाविक लगाव रहता है, और उसे हमेशा से कीमती पत्थरों में शुमार किया जाता है, लेकिन अब गुलाबी रंग का एक अंडाकार हीरा विश्वरिकॉर्ड कीमत पर बिका है, जो आपके दिल की धड़कनों को रोक देने के लिए काफी है। बुधवार को जिनीवा में सोदेबी'ज़ नीलामघर (Sotheby's Auction House) ने दुनिया के सबसे बेशकीमती हीरे को आठ करोड़ 30 लाख अमेरिकी डॉलर (पांच अरब 22 करोड़ 90 लाख भारतीय रुपये) में नीलाम किया।

'पृथ्वी के महानतम प्राकृतिक खज़ानों का हिस्सा' कहा जाने वाला 'पिंक स्टार' नामक गुलाबी रंग का यह हीरा 59.6 कैरेट का है, जिसे आइज़ैक वुल्फ नामक शख्स ने खरीदा है और इसे 'पिंक ड्रीम' नाम दिया है। आइज़ैक वुल्फ न्यूयॉर्क के हीरा व्यापारी हैं। बुधवार को नीलामी की प्रक्रिया स्विस फ्रैंक में संचालित की गई थी, जो चार करोड़ 80 लाख स्विस फ्रैंक से शुरू होकर अंत में छह करोड़ 80 लाख स्विस फ्रैंक तक पहुंची, जो आठ करोड़ 30 लाख अमेरिकी डॉलर के बराबर हैं।

'पिंक स्टार' का आकार अब 2.69 सेंटीमीटर गुणा 2.06 सेंटीमीटर है, जबकि जिस समय इसे अफ्रीका की खदान से डी'बियर्स कंपनी द्वारा निकाला गया था, इसका वजन 132.5 कैरेट था। इसके बाद इसकी खुरदरी सतह को तराशा गया, जिससे इसका वजन 59.6 कैरेट रह गया। 'पिंक स्टार' को सबसे पहले वर्ष 2007 में बेचा गया था।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

'पिंक स्टार' को नीलाम करने वाली कंपनी सोदेबी'ज़ के अनुसार, आठ करोड़ 30 लाख अमेरिकी डॉलर की कुल कीमत में दलाली भी शामिल है, और हीरे की वास्तविक बोली सात करोड़ 40 लाख अमेरिकी डालर लगी थी। दुनिया में सबसे महंगा हीरा होने का इससे पिछला रिकॉर्ड 'ग्राफ पिंक' नामक हीरे का था, जिसे वर्ष 2010 में लगभग चार करोड़ 57 लाख अमेरिकी डॉलर में खरीदा गया था।