यह ख़बर 30 नवंबर, 2011 को प्रकाशित हुई थी

पेट्रोल की कीमत 78 पैसे प्रति लीटर घटाई गई

खास बातें

  • पेट्रोल के दामों में तेल कंपनियों ने 78 पैसे प्रति लीटर की कमी की है। नई कीमतें आज मध्यरात्रि से लागू हो जाएंगी।
नई दिल्ली:

पेट्रोल की कीमतों में 78 पैसे प्रति लीटर की कटौती की गई है जो दो सप्ताह में दूसरी कटौती है। कीमतों में कमी बुधवार मध्यरात्रि से प्रभावी हो जाएगी। हालांकि, पेट्रोल के दाम एक रुपये प्रति लीटर घटाए जाने का अनुमान था। लेकिन पिछले दो दिनों में वैश्विक बाजारों में कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी और रुपये में गिरावट के चलते तेल कंपनियों ने 78 पैसे की ही कटौती की। इस कटौती के बाद, दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 65.64 रुपये प्रति लीटर हो जाएगी जो इस समय 66.42 रुपये लीटर है। इससे पहले, कंपनियों ने 16 नवंबर को पेट्रोल के दाम 2.22 रुपये लीटर कम किये थे। उल्लेखनीय है कि सरकार ने जून, 2010 में पेट्रोल की कीमतों के निर्धारण पर से नियंत्रण हटा लिया था। कीमतों में कटौती की घोषणा करते हुए इंडियन ऑयल ने कहा कि रुपया में कमजोरी के मुकाबले वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी अधिक रहने की वजह से ही पेट्रोल के दाम घटाए जा सके। हालांकि इससे पहले तेल कंपनियों ने 4 नवंबर को पेट्रोल के दाम 1.80 रुपये प्रति लीटर बढ़ा दिए थे। नवंबर के दूसरे पखवाड़े में कच्चे तेल का औसत मूल्य करीब 109 डालर प्रति बैरल रहा जो इससे पिछले पखवाड़े के 114.14 डालर प्रति बैरल के औसत मूल्य से पांच प्रतिशत कम है। हालांकि, इस पखवाड़े रुपया का औसत मूल्य 51.50 प्रति डालर रहा जो इससे पिछले पखवाड़े के 49.32 प्रति डालर के मुकाबले 4.4 प्रतिशत कमजोर है। रुपया कमजोर होने से भारतीय रिफाइनरियों के लिए तेल आयात की लागत बढती है। मुंबई में पेट्रोल के दाम 70.65 रुपये होंगे जो मौजूदा मूल्य से 82 पैसे कम है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com