खास बातें
- आपूर्ति बढ़ने से दिल्ली और नासिक में प्याज की थोक कीमतों में जोरदार गिरावट आई है और इसका दाम घटकर 5 से 20 रुपये किलो पर आ गया है।
New Delhi: आपूर्ति बढ़ने के साथ ही दिल्ली और महाराष्ट्र के नासिक में प्याज की थोक कीमतों में जोरदार गिरावट आई है और इसका दाम घटकर 5 से 20 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया है। हालांकि खुदरा बाजार में अभी भी प्याज 40 रुपये किलो के भाव बिक रहा है। व्यापारियों ने कहा कि दिल्ली के खुदरा बाजार में पिछले चार पांच दिनों से प्याज की दाम 40 रुपये किलो पर बना हुआ है, जबकि थोक बाजार में इसकी कीमतों में भारी गिरावट आ चुकी है। प्याज व्यापारी संघ के महासचिव राजेंद्र शर्मा ने बताया कि आजादपुर मंडी में मंगलवार को प्याज का दाम पांच से 20 रुपये प्रति किलो के स्तर पर आ गया। दिल्ली कृषि विपणन बोर्ड (डीएएमबी) के चेयरमैन ब्रह्म यादव ने कहा कि प्याज का संकट तेजी से खत्म हो रहा है। उन्होंने कहा, अब आजादपुर में प्याज की आपूर्ति में कोई कमी नहीं है, जिससे कीमतें काफी नीचे आ गई हैं। शर्मा ने कहा कि प्याज का थोक मूल्य जनवरी के अंत तक 15 रुपये किलो और अगले महीने 10 रुपये किलो तक आने की संभावना है। खाद्य मंत्री केवी थामस ने भी कहा था कि जनवरी के अंत से प्याज के दाम संतोषजनक स्तर पर आ जाएंगे।