यह ख़बर 27 जनवरी, 2011 को प्रकाशित हुई थी

पहली छमाही में मिलेंगी ज्यादा नौकरियां, वेतन भी बढ़ेगा

खास बातें

  • जॉब पोर्टल नौकरी-कॉम के सर्वेक्षण के अनुसार, 80 प्रतिशत कंपनियों का कहना है कि 2011 की पहली छमाही में वे नई भर्तियां करेंगी।
New Delhi:

देश में 2011 की पहली छमाही में नौकरियों का बाजार में गर्मी रहेगी। इस दौरान कंपनियां न केवल नई भर्तियां करेंगी, बल्कि पुराने कर्मचारियों के वेतन में भी अच्छा खासा इजाफा भी देखने को मिलेगा। जॉब पोर्टल नौकरी.कॉम के सर्वेक्षण के अनुसार, 80 प्रतिशत कंपनियों का कहना है कि 2011 की पहली छमाही में वे नई भर्तियां करेंगी। सर्वेक्षण के अनुसार, इस साल के पहले छह माह के दौरान 36 प्रतिशत कंपनियों ने पुराने कर्मचारियों के स्थान पर नई भर्तियों की उम्मीद जताई, वहीं दो प्रतिशत का मानना था कि इस दौरान कर्मचारियों की संख्या में कटौती की जा सकती है। सर्वेक्षण में एक हजार से अधिक नियोक्ताओं को शामिल किया गया। सर्वेक्षण में शामिल 34 प्रतिशत कंपनियों का कहना था कि इस दौरान कर्मचारियों के वेतन में 10 से 15 प्रतिशत का इजाफा होगा। रिपोर्ट में कहा गया है, 29 फीसद कंपनियों का कहना है कि वेतन वृद्धि 15 से 20 प्रतिशत के बीच होगी। वहीं 14 प्रतिशत ने कहा कि वेतन वृद्धि 20 प्रतिशत से अधिक की रहेगी। इन्फो एज के मुख्य वित्त अधिकारी अंबरीष रघुवंशी ने कहा कि कंपनियों ने 2011 की पहली छमाही में तेज गति से नियुक्तियां शुरू की हैं, जो उनके बढ़ते भरोसे को दर्शाता है। नौकरी.कॉम का स्वामित्व इन्फो एज के पास ही है। सर्वेक्षण में शामिल 42 प्रतिशत लोगों का कहना है कि सबसे ज्यादा नई नियुक्तियां चार से आठ साल का अनुभव रखने वाले कर्मचारियों की होगी। वहीं 38 फीसद का कहना था कि एक से तीन साल का अनुभव रखने वाले कर्मचारियों की ज्यादा भर्ती होगी।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com