खास बातें
- विदेशी संस्थागत निवेशकों ने जनवरी, 2011 में देश के शेयर बाजारों में शेयरों और बॉण्ड पत्रों में अब तक 79,000 करोड़ रुपये का निवेश किया।
Mumbai: विदेशी संस्थागत निवेशकों ने जनवरी, 2011 में देश के शेयर बाजारों में शेयरों और बॉण्ड पत्रों में अब तक 79,000 करोड़ रुपये का निवेश किया। शेयर बाजार नियामक सेबी के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने अब तक 2011 के 19 कारोबारी सत्र में शेयरों और बॉण्ड पत्रों में 79,420 करोड़ रुपये का निवेश किया। इस दौरान एफआईआई ने 72,910 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर और बॉण्ड पत्रों बेंचे, जिसके फलस्वरुप उनका भारतीय पूंजी बाजार में शुद्ध निवेश 6,509.60 करोड़ रुपये रहा है। डॉलर के हिसाब से जनवरी, 2011 में विदेशी संस्थागत निवेशकों ने 1.44 अरब डॉलर के शेयर और बॉण्ड खरीदे। विदेशी निवेशकों ने इस साल अब तक कुल 4,220.80 करोड़ रुपये मूल्य की इक्विटी बेची है, लेकिन ऋण बाजार में तेजी से इस दौरान 10,730.40 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश हुआ। एसएमसी कैपीटल्स के रणनीतिक और अनुसंधान प्रमुख जगनाधम थुनुगुनतला ने कहा, इस साल एफआईआई ने एक अरब डॉलर के साथ शुरुआत किया, लेकिन निवेश घट रहा है। वे निश्चित रुप से उच्च खाद्य मुद्रास्फीति, दरों में वृद्धि और नकारात्मक राजनीतिक महौल की वजह से मुनाफा वसूली कर रहे हैं। जियोजित बीएनपी परिबास के अनुसंधान प्रमुख एलेक्स मैथ्यू ने कहा, सूक्ष्म आर्थिक महौल में नकारात्मकता की वजह से जहां अल्पकालिक निवेशक भारतीय बाजार से वापस जा रहे हैं, वहीं दीर्घकालिक निवेशक भी सावधनीपूर्वक निवेश कर रहे हैं। वर्ष 2010 में विदेशी निवेशकों ने 10 लाख करोड़ रुपये मूल्य के शेयर और बॉण्ड खरीदे, जो कि किसी एक साल में रिकॉर्ड खरीदारी है।