जनवरी में निर्यात 11.19 प्रतिशत घटा, ढाई साल में सबसे बड़ी गिरावट

नई दिल्ली:

देश का निर्यात इस साल जनवरी में सालाना आधार पर 11.19 प्रतिशत घटकर 23.88 अरब डॉलर रहा। पिछले ढाई साल में यह सबसे बड़ी गिरावट है, लेकिन सस्ते तेल आयात के कारण व्यापार घाटा में मामूली रूप से सुधार हुआ।

व्यापार घाटा जनवरी, 2015 में 8.32 अरब डॉलर रहा, जबकि पिछले साल इसी महीने में यह 9.45 अरब डॉलर था। पिछले 11 महीने में व्यापार घाटा का यह सबसे न्यूनतम स्तर है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल कीमतों में गिरावट से देश के आयात पर असर पड़ा, जो 11.39 प्रतिशत घटकर 32.2 अरब डॉलर रहा। तेल आयात बिल आलोच्य महीने में 37.46 प्रतिशत घटकर 8.24 अरब डॉलर रहा। सोने का आयात इस साल जनवरी में 8.13 प्रतिशत बढ़कर 1.55 अरब डॉलर रहा। जनवरी में निर्यात में गिरावट जुलाई, 2012 के बाद सबसे अधिक है। उस समय इसमें 14.8 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई थी। यह लगातार दूसरा महीना है, जब निर्यात में गिरावट दर्ज की गई है। निर्यात में गिरावट का एक प्रमुख कारण यूरोपीय तथा जापानी बाजारों से मांग कम होना है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com