केनरा, कोटक बैंक ने कर्ज पर ब्याज दरों में कटौती की

केनरा, कोटक बैंक ने कर्ज पर ब्याज दरों में कटौती की

नई दिल्ली:

सार्वजनिक क्षेत्र के केनरा बैंक और इंडियन बैंक एवं निजी क्षेत्र के कोटक महिंद्रा बैंक ने अपनी ऋण ब्याज दरों में 0.1 प्रतिशत तक की कटौती की है. बैंकों ने यह कदम भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा रेपो दर में 0.25 प्रतिशत की कटौती करने के बाद उठाया है.

केनरा बैंक ने नियामकीय जानकारी में बताया कि उसने अपनी ऋण ब्याज दरों में 0.05 प्रतिशत कटौती की है, जिससे अब यह 9.65 प्रतिशत की जगह 9.60 प्रतिशत रह गई है. नई दरें 11 अक्तूबर से प्रभावी होंगी.

वहीं इंडियन बैंक ने कोष की सीमांत लागत आधारित ब्याज दर (एमसीएलआर) को 0.1 प्रतिशत कम किया है. एक वर्ष की अवधि वाले ऋण के लिए बैंक ने एमसीएलआर दर में 0.1 प्रतिशत की कमी की है, जिससे अब यह 9.45 प्रतिशत से घटकर 9.35 प्रतिशत रह गई है. यह दर 7 अक्टूबर से प्रभावी होगी. बाकी अन्य अवधि के लिए उसने एमसीएलआर में 0.05 प्रतिशत की कटौती की है.

इनके अलावा निजी क्षेत्र के कोटक महिंद्रा बैंक ने अपनी ऋण ब्याज दर में 0.1 प्रतिशत की कटौती की है, जिससे अब यह 9.50 प्रतिशत से घटकर 9.40 प्रतिशत रह गई है.

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com