खास बातें
- संसदीय कार्य मंत्री पवन कुमार बंसल ने संवाददाताओं से कहा कि सत्र से संबंधित अन्य विवरणों पर जल्द ही गौर किया जायेगा।
नई दिल्ली: संसद का बजट सत्र 21 फरवरी से शुरू होगा और आम बजट 28 फरवरी को पेश किया जाएगा। लोकसभा में सदन के नेता और वित्त मंत्री प्रणव मुखर्जी की अध्यक्षता में हुई संसदीय मामलों की कैबिनेट समिति की बैठक में संसद सत्र बुलाने की तारीख के बारे में राष्ट्रपति से सिफारिश करने का फैसला किया गया। संसदीय कार्य मंत्री पवन कुमार बंसल ने संवाददाताओं से कहा कि सत्र से संबंधित अन्य विवरणों पर जल्द ही गौर किया जायेगा। इस सत्र की शुरुआत राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक के संबोधन से होगी। राष्ट्रपति का संबोधन अगले वित्तीय वर्ष के लिये सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों को रेखांकित करेगा। समिति की बैठक में कृषि मंत्री शरद पवार, रेल मंत्री ममता बनर्जी, प्रवासी भारतीय मामलों के मंत्री वायलार रवि, विधि मंत्री वीरप्पा मोइली, कपड़ा मंत्री दयानिधि मारन, बंसल, संसदीय कार्य राज्य मंत्री वी नारायणसामी और अश्विनी कुमार ने भाग लिया।