ज़ोमैटो के फाउंडर दीपिंदर गोयल ने अपने पूर्व कर्मचारियों (Alumni) के लिए दिल छू लेने वाला एक मैसेज जारी किया है. दीपिंदर ने पुरानी बातों को भुलाकर एक 'ओपन ऑफर' दिया है कि जो लोग कंपनी छोड़कर गए थे, वे अब वापस लौट सकते हैं.
'जो हुआ सो हुआ, अब लौट आओ'
दीपिंदर गोयल ने सोशल मीडिया पर लिखे अपने मैसेज में कहा, "चाहे आपने खुद कंपनी छोड़ी हो या मैंने आपको जाने के लिए कहा हो, यह मैसेज आप सभी के लिए है. अगर आपको लगता है कि मेरे मन में कोई पुरानी बात है या कंपनी के दरवाजे आपके लिए बंद हैं, तो ऐसा बिल्कुल नहीं है. मैं चाहता हूँ कि आप वापस आ जाएं (I Want You Back)."
अपनी गलतियों को भी स्वीकारा
एक बड़े लीडर की तरह दीपिंदर ने यह भी माना कि शायद पहले कंपनी का माहौल उतना अच्छा नहीं रहा होगा. उन्होंने कहा, "मैं जानता हूं कि आप में से कई लोगों के लिए ज़ोमैटो ने वह माहौल या लीडरशिप नहीं दी होगी जिसकी आपको उस समय जरूरत थी. लेकिन मुझे यकीन है कि आपको यहां काम करना पसंद था और शायद कंपनी छोड़ने के बाद आपको कहीं और 'घर' जैसा महसूस नहीं हुआ होगा."
अब Zomato पहले जैसी नहीं,400 से ज्यादा कर्मचारी की वापसी
दीपिंदर ने बताया कि कंपनी अब काफी बदल चुकी है. अब यह पहले से ज्यादा ऑर्गनाइज्ड है और काम करने का तरीका भी बेहतर हुआ है. दीपिंदर ने बताया कि उनकी कंपनी में पहले से ही 400 से ज्यादा लोग ऐसे हैं जो दूसरी या तीसरी बार लौटकर काम कर रहे हैं और अब अपना सबसे बेहतरीन काम कर रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा कि समय के साथ कंपनी के साथ-साथ उन्होंने खुद भी काफी कुछ सीखा है.
क्या CEO पद छोड़ने से पड़ेगा फर्क?
हाल ही में दीपिंदर गोयल ने CEO का पद छोड़ा है, जिसे लेकर कई लोगों के मन में सवाल थे. हाल ही में सीईओ पद से हटने की बात पर उन्होंने कहा कि कंपनी में कभी 'टाइटल' यानी पदों ने मायने नहीं रखा, इसलिए पुराने कर्मचारी बिना किसी झिझक के वापस आ सकते हैं.अगर कोई पूर्व कर्मचारी वापस आना चाहता है, तो वह सीधे back@eternal.com पर ईमेल कर सकता है.
काम करने के ढेरों नए मौके
अब 'इटरनल' सिर्फ खाना डिलीवरी (Zomato) तक सीमित नहीं है. दीपिंदर गोयल ने याद दिलाया कि अब उनके पास Blinkit (क्विक कॉमर्स), Blinkit Ambulances, District, Hyperpure, Nugget और Feeding India जैसे बड़े ब्रांड्स हैं. उन्हें ऐसे लोगों की जरूरत है जो कंपनी के कल्चर को पहले से जानते हैं और इसे आगे ले जाने का जुनून रखते हैं.














