ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच गहराते संघर्ष ने भारतीय शेयर बाजार में डिफेंस सेक्टर की कंपनियों के प्रति निवेशकों का भरोसा बढ़ा दिया है. सोमवार को शेयर मार्केट में कोहराम के बावजूद वे निवेशक खुश हैं, जिन्होंने डिफेंस शेयरों में पैसे लगा रखे थे.कारोबारी सत्र में रक्षा क्षेत्र (Defence Sector) से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में 13% तक की शानदार बढ़त दर्ज की गई. जहां बाजार के अन्य सेक्टर दबाव में दिखे, वहीं निफ्टी डिफेंस इंडेक्स (Nifty Defence Index) पिछले सत्र के नुकसान की भरपाई करते हुए 2% से अधिक चढ़ गया. निवेशकों को उम्मीद है कि वैश्विक अस्थिरता के चलते देशों में रक्षा तैयारियों पर खर्च बढ़ेगा, जिसका सीधा फायदा भारतीय कंपनियों को मिल सकता है.
15% तक भागे डिफेंस शेयर
आइडियाफोर्ज टेक्नोलॉजी के शेयरों में 15% से अधिक की तेजी दर्ज की गई. BSE पर आइडियाफोर्ज टेक्नोलॉजी के शेयरों में 15.11%, पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजीज में 13.14%, सिका इंटरप्लांट सिस्टम्स में 4.25%, भारत डायनेमिक्स में 4%, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स में 2.77% और हिंदुस्तान एरोनॉटिक्स में 1.75% की तेजी दर्ज की गई.
वहीं NSE पर पारस डिफेंस के शेयर ने दिन के कारोबार के दौरान 722.5 रुपये का हाई छुआ. दोपहर करीब 12 बजे इसके शेयर करीब 10% की बढ़त के साथ 700 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहे थे. वहीं BEL के शेयर ने दिन के कारोबार के दौरान 456.70 रुपये का हाई छुआ और दोपहर करीब 12 बजे इसके शेयर करीब 7.1% की बढ़त के साथ 451 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहे थे. हालांकि HAL यानी हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड के शेयरों में महज 1% तक का उछाल देखा गया.
Market Logic: डिफेंस शेयरों में क्यों आई तेजी?
मौजूदा संघर्ष ने दुनियाभर के देशों का ध्यान अपनी रक्षा तैयारियों (Defence Preparedness) की ओर खींचा है. विशेषज्ञों का मानना है कि इस तनाव के कारण युद्ध से जुड़े उपकरणों की मांग में बड़ा इजाफा हो सकता है.
- मिसाइल और रडार तकनीक
- सर्विलांस सिस्टम और निगरानी ड्रोन
- हथियार और गोला-बारूद
जब भी वैश्विक स्तर पर युद्ध जैसी स्थिति बनती है, तो डिफेंस से जुड़ी कंपनियों को बड़े ऑर्डर मिलने और उनके बिजनेस में सुधार की संभावनाएं बढ़ जाती हैं. इसी उम्मीद में निवेशकों ने आज इन शेयरों में जमकर खरीदारी की.
इससे पहले शेयर बाजार में, सुबह के कारोबार के अंत तक 30 शेयरों वाला BSE सेंसेक्स 1,131.02 अंक गिरकर 80,123.09 पर आ गया. वहीं, 50 शेयरों वाला NSE निफ्टी 341.95 अंक गिरकर 24,836.70 पर पहुंच गया.














