शेयर बाजार में निवेश कर कमाई करने वालों के लिए फरवरी का यह आखिरी हफ्ता किसी जैकपॉट से कम नहीं है. आज 23 फरवरी से प्राइमरी मार्केट में जबरदस्त हलचल शुरू हो रही है, जहां कुल 8 नई कंपनियां अपना आईपीओ (IPO) लेकर आ रही हैं. इसमें बड़े निवेश के लिए मेनबोर्ड और छोटे निवेशकों के लिए एसएमई (SME) सेगमेंट, दोनों में ही शानदार ऑप्शन मौजूद हैं.
सिर्फ नए आईपीओ ही नहीं, बल्कि इस हफ्ते 4 कंपनियां बाजार में अपनी धमाकेदार एंट्री यानी लिस्टिंग भी करने जा रही हैं. अगर आप भी सही जगह पैसा लगाकर मुनाफा कमाना चाहते हैं, तो यह खबर आपके बहुत काम की है.
क्लीन मैक्स एनवायरो: हफ्ते का सबसे बड़ा दांव
इस हफ्ते का सबसे बड़ा और चर्चित आईपीओ क्लीन मैक्स एनवायरो एनर्जी सॉल्यूशंस (Clean Max Enviro Energy Solutions IPO) का है. यह कंपनी बाजार से करीब ₹3,100 करोड़ जुटाने की तैयारी में है. अगर आप इसमें पैसा लगाना चाहते हैं, तो यह आज 23 फरवरी से खुलने वाला है और आप 25 फरवरी तक अप्लाई कर सकते हैं. इसके लिए प्रति शेयर का दाम ₹1,000 से ₹1,053 के बीच रखा गया है और इसके शेयर 2 मार्च को बाजार में लिस्ट हो सकते हैं.
श्री राम ट्विस्टेक्स: टेक्सटाइल सेक्टर में कमाई का मौका
श्री राम ट्विस्टेक्स (Shree Ram Twistex IPO) ₹110.24 करोड़ का नया इश्यू लेकर आ रही है. इस कंपनी के आईपीओ में भी आप आज यानी 23 फरवरी से दांव लगा सकते हैं. कंपनी ने अपने शेयरों का भाव ₹95 से ₹104 के बीच तय किया है. जो निवेशक मिड बजट में अच्छे शेयरों की तलाश में हैं, उनके लिए यह एक बेहतर ऑप्शन हो सकता है और इसकी लिस्टिंग भी 2 मार्च को होने की उम्मीद है.
पीएनजीएस रेवा: ज्वेलरी के शौकीनों के लिए निवेश
ज्वेलरी सेक्टर की जानी-मानी कंपनी पीएनजीएस रेवा डायमंड का आईपीओ (PNGS Reva Diamond Jewellery IPO) कल यानी 24 फरवरी से सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा. कंपनी का लक्ष्य बाजार से ₹380 करोड़ जुटाना है और इसके लिए शेयर की कीमत ₹367 से ₹386 के बीच रखी गई है. 26 फरवरी तक इसमें निवेश किया जा सकता है और इसकी लिस्टिंग 4 मार्च को होने की संभावना जताई जा रही है.
हफ्ते के मध्य में यानी 25 फरवरी को ओमनीटेक इंजीनियरिंग (Omnitech Engineering IPO) का ₹583 करोड़ का आईपीओ खुलेगा. इस इश्यू में आप 27 फरवरी तक पैसा लगा सकते हैं और इसके एक शेयर की कीमत ₹216 से ₹227 के बीच तय की गई है. यह कंपनी 5 मार्च को शेयर बाजार में डेब्यू करेगी. इस कंपनी के पोर्टफोलियो को देखते हुए बड़े निवेशक इसमें काफी दिलचस्पी दिखा रहे हैं.
छोटे निवेशकों के लिए SME सेगमेंट में भी बहार
स्मॉल और मिडिल इन्वेस्टर के लिए एसएमई (SME) प्लेटफॉर्म पर भी 4 धमाकेदार आईपीओ आ रहे हैं. कियासा रिटेल (Kiaasa Retail IPO ) और मोबिलाइज ऐप लैब(Mobilise App IPO) के आईपीओ आज 23 फरवरी से खुल रहे हैं, जिनका प्राइस बैंड क्रमशः ₹121-127 और ₹75-80 रखा गया है. इसके अलावा एकॉर्ड ट्रांसफार्मर का आईपीओ भी आज से ही शुरू हो रहा है, जिसका दाम मात्र ₹43-46 है. वहीं, याप डिजिटल का आईपीओ 25 फरवरी से खुलेगा, जिसकी अन्य जानकारियों का बाजार को बेसब्री से इंतजार है.
बाजार में नई एंट्री: 4 कंपनियों की होगी लिस्टिंग
नए आईपीओ के साथ-साथ इस हफ्ते 4 पुरानी कंपनियों के शेयर बाजार में ट्रेड करना शुरू करेंगे. 24 फरवरी को फ्रैक्टल इंडस्ट्रीज (Fractal Analytics IPO) की लिस्टिंग होगी, जबकि 25 फरवरी को यशतेज इंडस्ट्रीज(Yashhtej Industries IPO) बाजार में कदम रखेगी. इसके बाद हफ्ते के अंत में 27 फरवरी को गौडियम आईवीएफ (Gaudium IVF IPO)और मनीलम इंडस्ट्रीज (Manilam Industries India IPO) के शेयरों की लिस्टिंग होने जा रही है. जिन निवेशकों ने इन कंपनियों के आईपीओ में पैसा लगाया था, उनकी नजरें लिस्टिंग के दिन मिलने वाले मुनाफे पर टिकी होंगी.
पैसे लगाने से पहले जान लें काम की बातें
ज्यादातर आईपीओ की लिस्टिंग मार्च के पहले हफ्ते में पूरी हो जाएगी. बाजार में बढ़ती अनिश्चितता के बावजूद प्राइमरी मार्केट का यह जोश निवेशकों के लिए पॉजिटिव संकेत है. एक्सपर्ट्स की सलाह है कि किसी भी आईपीओ में पैसा लगाने से पहले उसके ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) पर नजर जरूर रखें. अपना पैसा एक ही कंपनी में लगाने के बजाय अलग-अलग सेक्टर के आईपीओ में बांटकर लगाएं. सबसे जरूरी बात यह है कि निवेश से पहले कंपनी के पुराने रिकॉर्ड और भविष्य के प्लान को अच्छी तरह पढ़ लें.
(नोट-ये सिर्फ एक सामान्य जानकारी है. किसी भी तरह के निवेश से पहले एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें वरना नुकसान झेलना पड़ सकता है.)














