भारतीय फार्मा सेक्टर से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है.अमेरिका से आई एक बड़ी खबर ने भारतीय शेयर बाजार में हलचल मचा दी है. देश की दिग्गज दवा कंपनी सन फार्मा (Sun Pharma) ने सात समंदर पार एक ऐसी मेगा डील की है, जिसने निवेशकों को गदगद कर दिया. सन फार्मा (Sun Pharma) ने अमेरिका की बड़ी फार्मा कंपनी 'ऑर्गेनॉन' (Organon) को खरीदने का ऐलान किया है. यह सौदा इतना बड़ा है कि इसने भारतीय फार्मा इतिहास के पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. इस डील की खबर आते ही शेयर बाजार में सन फार्मा के शेयरों ने जबरदस्त उड़ान भरी है.
फार्मा सेक्टर का अब तक का सबसे बड़ा सौदा
सन फार्मा ने अमेरिकी कंपनी ऑर्गेनॉन (Organon) के अधिग्रहण के लिए 11.75 अरब डॉलर यानी करीब 1.10 लाख करोड़ रुपये की भारी-भरकम डील की है. यह भारतीय फार्मा इंडस्ट्री के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा एक्विजिशन माना जा रहा है. कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज को बताया कि यह एक ऑल-कैश डील है, जिसके तहत सन फार्मा 14 डॉलर प्रति शेयर के भाव पर ऑर्गेनॉन की 100% हिस्सेदारी खरीदेगी.
ग्लोबल मार्केट में बढ़ेगा दबदबा
इस मेगा डील के बाद सन फार्मा दुनिया की टॉप 25 दवा कंपनियों की लिस्ट में शामिल हो जाएगी. दोनों कंपनियों के मिलने के बाद इनका कुल रेवेन्यू लगभग 12.4 अरब डॉलर होने की उम्मीद है. ऑर्गेनॉन मुख्य रूप से वीमेन हेल्थ बायोसिमिलर और जेनेरिक दवाओं के सेक्टर में काम करती है. इसके पास 70 से ज्यादा प्रोडक्ट्स का पोर्टफोलियो है और यह 140 से ज्यादा देशों में अपनी सर्विस दे रही है.
सन फार्मा के शेयरों में आई 7.5% की जोरदार तेजी
जैसे ही इस डील की खबर बाजार में आई, सन फार्मा के शेयरों में निवेशकों की खरीदारी बढ़ गई. सोमवार सुबह निफ्टी 50 (Nifty 50) पर सन फार्मा टॉप गेनर रहा. सुबह 10:50 बजे कंपनी का शेयर करीब 7.5% की बढ़त के साथ 1,741 रुपये के स्तर पर ट्रेड कर रहा था. एक्सपर्ट्स का मानना है कि इस अधिग्रहण से सन फार्मा को बायोसिमिलर सेगमेंट में एक ग्लोबल लीडर बनने में मदद मिलेगी.
5 सालों में 164 % का जबरदस्त रिटर्न
अगर हम सन फार्मा के शेयरों के प्रदर्शन पर नजर डालें, तो कंपनी ने निवेशकों को लंबी अवधि में मालामाल किया है. पिछले 5 सालों में इस स्टॉक ने 164.41% का जबरदस्त रिटर्न दिया है, यानी निवेशकों का पैसा ढाई गुना से भी ज्यादा हो गया है. हालांकि, पिछले एक साल में शेयर में करीब 6% की हल्की गिरावट देखी गई थी, लेकिन ऑर्गेनॉन (Organon) डील की खबर ने सारा सेंटीमेंट बदल दिया है. आज की तेजी के बाद शेयर 1,730.40 रुपये के स्तर पर ट्रेड कर रहा है. पिछले 6 महीनों में इसमें 2% से ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई है, और ताजा उछाल के बाद यह स्टॉक एक बार फिर से रिकवरी की राह पर है.
डील के लिए कहां से आएगा पैसा?
सन फार्मा इस भारी-भरकम रकम का इंतजाम अपनी इंटरनल इनकम और लोन के जरिए करेगी. कंपनी की योजना है कि लगभग 2 से 2.5 अरब डॉलर अपने कैश रिसोर्स से और बाकी 9.25 से 9.75 अरब डॉलर सिटीग्रुप (Citigroup), जेपी मॉर्गन (JPMorgan) और एमयूएफजी (MUFG) जैसे बड़े ग्लोबल बैंको से फाइनेंस कराएगी. मैनेजमेंट ने भरोसा दिलाया है कि उनका पूरा फोकस इस लोन को जल्द से जल्द चुकाने पर रहेगा.
कब तक पूरी होगी यह प्रक्रिया?
इन दोनों कंपनियों के बोर्ड ने इस सौदे को मंजूरी दे दी है. अब इसे रेगुलेटरी अप्रूवलऔर ऑर्गेनॉन के शेयरधारकों की सहमति मिलनी बाकी है. उम्मीद जताई जा रही है कि यह पूरी प्रक्रिया साल 2027 की शुरुआत तक हो जाएगी. ऑर्गेनॉन का पिछला प्रदर्शन भी काफी मजबूत रहा है, कंपनी ने साल 2025 में 6.2 अरब डॉलर का रेवेन्यू दर्ज किया था.
ये भी पढ़ें- Stock Market Today: शेयर बाजार में लौटी रौनक! सेंसेक्स 400 अंक उछला, निफ्टी 24,000 के पार














