आज भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत सुस्ती के साथ हुई है. ग्लोबल मार्केट से मिल रहे मिले-जुले संकेतों और निवेशकों की सावधानी के चलते सेंसेक्स और निफ्टी दोनों लाल निशान में खुले. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में आई भारी उछाल और अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर घरेलू बाजार पर साफ दिखाई दिया. शुरुआती कारोबार में बाजार पर बिकवाली का दबाव देखा जा रहा है. बैंकिंग और फाइनेंशियल सेक्टर में हुई बिकवाली ने बाजार के मूड को खराब कर दिया, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही लाल निशान में कारोबार करते नजर आए.
सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट
सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन मंगलवार को बाजार खुलते ही निवेशकों ने बिकवाली शुरू कर दी. BSE सेंसेक्स (SENSEX) में 0.34% की गिरावट देखी गई और यह करीब 265 अंक टूटकर 77,038.48 के स्तर पर खुला. इसी तरह, NSE निफ्टी 50 (NIFTY 50) भी 0.25% यानी लगभग 60 अंकों की कमजोरी के साथ 24,032.90 पर कारोबार करता दिखा. बाजार पर दबाव इतना था कि निफ्टी बैंक आधा प्रतिशत से ज्यादा टूट गया. इस शुरुआती सुस्ती ने पिछले सत्र की तेजी पर फिलहाल ब्रेक लगा दिया है.
कहां बिकवाली, कहां खरीदारी?
आज के कारोबार में बैंकिंग और फाइनेंशियल सर्विसेज के साथ-साथ फार्मा और हेल्थकेयर सेक्टर में गिरावट देखी गई. हालांकि, दूसरी तरफ एनर्जी, डिफेंस, मीडिया और मेटल शेयरों में खरीदारी की वजह से ये इंडेक्स हरे निशान में बने रहे. अच्छी बात यह रही कि मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में तेजी जारी रही. निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 0.26% की बढ़त के साथ 60,405 के पार निकल गया.
कौन से शेयर चढ़े और कौन गिरे?
- टॉप गेनर्स (Gainers): कोटक महिंद्रा बैंक, टाटा स्टील, अदाणी पोर्ट्स, BEL, M&M, L&T और टेक महिंद्रा जैसे शेयरों में रौनक दिखी.
- टॉप लूजर्स (Losers): SBI, अल्ट्राटेक सीमेंट, एक्सिस बैंक, इन्फोसिस, HUL और HDFC बैंक जैसे दिग्गज शेयरों में गिरावट दर्ज की गई.
कच्चे तेल में उछाल और अमेरिका-ईरान तनाव का असर
बाजार में इस गिरावट की सबसे बड़ी वजह कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों का 110 डॉलर प्रति बैरल के पास पहुंचना है. ब्रेंट क्रूड 109 डॉलर और WTI क्रूड 97.38 डॉलर प्रति बैरल पर पहुँच गया है. दरअसल, अमेरिका ने ईरान के उस शांति प्रस्ताव को ठुकरा दिया है जिसमें ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट खोलने की बात कही थी. अमेरिका का मानना है कि परमाणु कार्यक्रम और समुद्री नाकेबंदी दोनों मुद्दों का हल एक साथ निकलना चाहिए, जिससे तनाव और बढ़ गया है.
एशियाई बाजारों में आज मिला-जुला रुख है. टोक्यो, शंघाई और हांगकांग के बाजार लाल निशान में हैं, जबकि सोल और बैंकॉक में तेजी है. वहीं अमेरिकी बाजारों में सोमवार को डाओ जोन्स गिरावट के साथ, जबकि नैस्डैक मजबूती के साथ बंद हुआ था.














