Trading Rules on Budget Day 2026 आज आम बजट 2026 पेश किया जा रहा है और इसी के साथ शेयर बाजार को लेकर निवेशकों की धड़कनें तेज हैं. हर कोई यह जानना चाहता है कि आज बाजार खुलेगा या बंद रहेगा और अगर खुलेगा तो किस सेक्टर में सबसे ज्यादा हलचल दिख सकती है. आम तौर पर रविवार को शेयर बाजार बंद रहता है, लेकिन बजट के कारण इस बार मामला थोड़ा अलग है.
यही वजह है कि निवेशक यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि आज ट्रेडिंग करनी चाहिए या नहीं और किन शेयरों पर नजर रखनी सही रहेगी.
आज 1 फरवरी को शेयर बाजार खुला है या बंद?
आज रविवार होने के बावजूद शेयर बाजार बंद नहीं है. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज यानी NSE और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज यानी BSE दोनों ने साफ किया है कि बजट 2026 के दिन शेयर बाजार खुला रहेगा. यह 1999 के बाद पहली बार है जब रविवार को बजट पेश किया जा रहा है और इसी वजह से आज खास ट्रेडिंग सेशन रखा गया है.
आज सुबह 9 बजे प्री ओपन सेशन शुरू होगा और 9 बजकर 15 मिनट से लेकर दोपहर 3 बजकर 30 मिनट तक सामान्य ट्रेडिंग होगी. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सुबह 11 बजे बजट पेश करेंगी और उसी वक्त बाजार में तेज उतार चढ़ाव देखने को मिल सकता है.
आज ट्रेडिंग सेटलमेंट में है खास नियम
हालांकि आज ट्रेडिंग हो रही है, लेकिन निवेशकों को एक जरूरी बात समझनी होगी. आज सेटलमेंट हॉलिडे है. इसका मतलब यह है कि आज शेयर खरीदे और बेचे तो जा सकते हैं, लेकिन शेयर और पैसे का ट्रांसफर आज पूरा नहीं होगा.
अगर आपने शुक्रवार 30 जनवरी को शेयर खरीदे थे, तो उन्हें आज बेच नहीं पाएंगे. वहीं अगर आप आज बजट के दिन शेयर खरीदते हैं, तो उन्हें सोमवार 2 फरवरी को भी नहीं बेच सकेंगे. आज किए गए सभी सौदों का सेटलमेंट अगले कामकाजी दिन किया जाएगा.
यह नियम खासतौर पर शॉर्ट टर्म ट्रेडर्स के लिए बहुत जरूरी है क्योंकि गलत प्लानिंग से नुकसान हो सकता है.
बजट डे पर बाजार में क्यों रहती है ज्यादा हलचल?
बजट का दिन शेयर बाजार के लिए हमेशा खास माना जाता है. पिछले 25 सालों के आंकड़े बताते हैं कि ज्यादातर बार बजट वाले दिन बाजार में 1 फीसदी या उससे ज्यादा की चाल देखने को मिली है. टैक्स में बदलाव, सरकारी खर्च और सेक्टर से जुड़े ऐलान सीधे कंपनियों के मुनाफे पर असर डालते हैं.
इस बार बजट से पहले बाजार दबाव में रहा है. सेंसेक्स और निफ्टी इस महीने 3 फीसदी से ज्यादा टूट चुके हैं. ऐसे में निवेशक आज ज्यादा सतर्क नजर आ रहे हैं.
Budget 2026 में किन सेक्टर्स पर रहेगी नजर?
ब्रोकरेज रिपोर्ट्स के मुताबिक इस बजट में सरकार कैपेक्स पर करीब 10 फीसदी तक बढ़ोतरी कर सकती है. डिफेंस सेक्टर पर खास फोकस रहने की उम्मीद है और डिफेंस से जुड़े खर्च में 20 फीसदी तक बढ़ोतरी हो सकती है. इसके अलावा रेलवे, इंफ्रास्ट्रक्चर, पावर, रिन्यूएबल एनर्जी, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग और कंज्यूमर ड्यूरेबल सेक्टर भी चर्चा में हैं.
जानकारों का मानना है कि पीएलआई स्कीम और इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च से जुड़े ऐलान बाजार की दिशा तय कर सकते हैं.
डिफेंस सेक्टर फिर बना बजट का फेवरेट
डिफेंस सेक्टर एक बार फिर बजट का बड़ा फायदा उठाने वालों में शामिल हो सकता है. ब्रोकरेज हाउस को BEL, HAL और BDL जैसे शेयरों से काफी उम्मीदें हैं. पिछले बजट के बाद से ही डिफेंस शेयरों ने अच्छा प्रदर्शन किया है और इस बार भी इस सेक्टर में तेजी की संभावना जताई जा रही है.
- पिछले बजट के बाद MTAR Technologies ने करीब 68 फीसदी का रिटर्न दिया था.
- BEL और GRSE जैसे शेयरों में 60 फीसदी से ज्यादा की तेजी देखने को मिली थी.
- Solar Industries, Astra Microwave और Paras Defence ने भी निवेशकों को अच्छा फायदा दिया था.
डिफेंस बजट बढ़ने की उम्मीद
रिपोर्ट्स के मुताबिक FY27 के लिए डिफेंस बजट में करीब 9 फीसदी की बढ़ोतरी हो सकती है. ड्रोन, नई टेक्नोलॉजी, रिसर्च और एयरफोर्स और नेवी से जुड़े प्रोजेक्ट्स पर ज्यादा खर्च होने की उम्मीद है. इससे डिफेंस कंपनियों के ऑर्डर और कमाई दोनों में सुधार हो सकता है.
इंफ्रा और कैपिटल गुड्स शेयरों में भी मौका
बजट 2026 में इंफ्रास्ट्रक्चर और कैपिटल गुड्स सेक्टर पर भी नजर रहेगी. L&T, ABB India, Siemens, Hitachi Energy India, Siemens Energy और KEC International जैसे शेयरों को लेकर ब्रोकरेज पॉजिटिव हैं. सड़क, रेलवे और पावर से जुड़े प्रोजेक्ट्स पर खर्च बढ़ने से इन कंपनियों को फायदा मिल सकता है.
पावर और रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर भी फोकस में
पावर और ग्रीन एनर्जी सेक्टर भी बजट के बड़े फायदे उठा सकता है. Tata Power, NTPC, NTPC Green, Waaree Energies, Premier Energies और Acme Solar जैसे शेयरों पर निवेशकों की नजर है. गैस से जुड़ी कंपनियां जैसे GAIL, Petronet LNG, IGL, Mahanagar Gas और Gujarat Gas भी बजट से पॉजिटिव संकेत पा सकती हैं.
रियल एस्टेट और सीमेंट शेयरों में तेजी संभव
अगर बजट में हाउसिंग सेक्टर को सपोर्ट मिलता है तो रियल एस्टेट शेयरों में भी तेजी दिख सकती है. Brigade Enterprises, Prestige Group, Sobha, Lodha Group और Godrej Properties जैसे नाम चर्चा में हैं. सीमेंट सेक्टर में UltraTech Cement और JK Cement को फायदा मिल सकता है.
निवेशकों के लिए एक्सपर्ट्स की सलाह
एक्सपर्ट्स का कहना है कि बजट के दिन बाजार में तेज उतार चढ़ाव रहता है. शॉर्ट टर्म ट्रेडर्स को बहुत सतर्क रहने की जरूरत है. वहीं लॉन्ग टर्म निवेशकों के लिए बेहतर होगा कि बजट के बाद साफ तस्वीर आने का इंतजार करें और मजबूत कंपनियों पर फोकस करें.














