शेयर बाजार में गिरावट, IT शेयरों में सुस्ती से सेंसेक्स और निफ्टी लुढ़के, इन स्टॉक्स में फिर भी दिखा उछाल

Stock Market Updates: भारतीय बाजार के लिए अच्छी खबर यह है कि मंगलवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने करीब 995 करोड़ रुपये की खरीदारी की थी.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
Share Market News : भारतीय शेयर बाजार के दोनों बेंचमार्क इंडेक्स लाल निशान पर कारोबार कर रहे हैं.
नई दिल्ली:

भारतीय शेयर बाजार के लिए बुधवार का दिन थोड़ी सुस्ती भरा रहा. शेयर बाजार के दोनों इंडेक्स, सेंसेक्स और निफ्टी, गिरावट के साथ लाल निशान में खुले.  कारोबार की शुरुआत में सेंसेक्स करीब 247.92 अंक या 0.30 प्रतिशत गिरकर 83,203.04 के स्तर पर आ गया. वहीं दूसरी ओर, निफ्टी में भी 70.25 अंकों की गिरावट देखी गई और यह 25,655.15 के स्तर पर ट्रेड करता दिखा.

बाजार के जानकारों का कहना है कि IT और सर्विस सेक्टर के शेयरों में आई कमजोरी की वजह से निवेशकों का उत्साह थोड़ा कम नजर आया.

IT शेयरों ने बढ़ाई बाजार की चिंता

आज के कारोबार में सबसे ज्यादा दबाव IT सेक्टर की दिग्गज कंपनियों पर देखने को मिला. इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, HCL और TCS जैसी बड़ी कंपनियों के शेयर घाटे में चल रहे हैं. इनके अलावा मारुति सुजुकी, एशियन पेंट्स, HDFC बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक जैसे शेयरों में भी गिरावट दर्ज की गई.

एक्सपर्ट्स का मानना है कि IT सेक्टर को लेकर अभी बाजार में काफी अनिश्चितता बनी हुई है, जिस वजह से बड़े निवेशक फिलहाल इन शेयरों में भारी निवेश करने से बच रहे हैं.

Advertisement

किन शेयरों में दिखी हरियाली?

गिरावट के इस दौर में भी कुछ चुनिंदा शेयर बढ़त बनाने में कामयाब रहे. ITC, टाटा स्टील, बजाज फिनसर्व, और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयरों में आज तेजी देखी गई. साथ ही स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI), अल्ट्राटेक सीमेंट और सन फार्मा जैसे शेयर भी फायदे में कारोबार कर रहे हैं.

जानकारों का कहना है कि निवेशक अब अपना पैसा IT सेक्टर से निकालकर बैंकिंग, ऑटोमोबाइल, और फार्मा जैसे सेक्टर्स में लगा रहे हैं, क्योंकि इन सेक्टर में मुनाफे की बेहतर उम्मीद नजर आ रही है.

Advertisement

विदेशी और एशियाई बाजारों का हाल

अगर दुनिया भर के बाजारों की बात करें, तो एशियाई बाजारों में मिला-जुला असर रहा. जापान का निक्केई बाजार 1 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त पर दिखा, जबकि चीन, हांगकांग और दक्षिण कोरिया के बाजार 'लूनर न्यू ईयर' की छुट्टी की वजह से बंद रहे. अमेरिकी बाजार भी मंगलवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे. 

भारतीय बाजार के लिए अच्छी खबर यह है कि मंगलवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने करीब 995 करोड़ रुपये की खरीदारी की थी. वहीं कच्चे तेल की कीमतों में भी मामूली बढ़ोतरी देखी गई है और यह 67.59 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है.

Featured Video Of The Day
Baba Ramdev Exclusive: सुप्रीम कोर्ट से माफी वाले सवाल पर क्यों भड़क उठे बाबा रामदेव?
Topics mentioned in this article