शेयर बाजार लाल निशान में बंद, कच्चे तेल की आग में झुलसा मार्केट, सेंसेक्स 830 अंक टूटा

शेयर बाजार में आज भारी गिरावट देखने को मिली, जहां निफ्टी और सेंसेक्स करीब 1% तक टूट गए. कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण निवेशकों में डर का माहौल है. ऑटो और FMCG सेक्टर में सबसे ज्यादा बिकवाली रही.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

भारतीय शेयर बाजार के लिए आज का कारोबारी सेशन कुछ खास नहीं रहा. कच्चे तेल की आसमान छूती कीमतों ने घरेलू बाजार की कमर तोड़ दी है. हफ्ते के एक्सपायरी डे पर सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही में करीब 1% से ज्यादा की बड़ी गिरावट दर्ज की गई. सेंसेक्स एक समय 1 हजार अंकों से ज्यादा फिसल गया था, हालांकि बाद में यह 1.08% की गिरावट के साथ 76,034 के स्तर पर बंद हुआ. वहीं, निफ्टी भी 227 अंक टूटकर 23,639 पर आ गया. बाजार में इस गिरावट का सबसे बड़ी वजह मिडिल ईस्ट में चल रही ईरान-इजरायल जंग है, जिसने पूरे विश्वभर में सप्लाई चेन रोक दी है.

रुपये की गिरावट

अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमतें फिर 100 डॉलर प्रति बैरल के पार निकल गईं. इराक के पास दो तेल टैंकरों पर हमले की खबरों ने आग में घी का काम किया है. तेल की बढ़ती कीमतों का सीधा असर भारतीय रुपये पर दिखा, जो डॉलर के मुकाबले 92.36 के अपने अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया. भारत अपनी जरूरत का 80% तेल आयात करता है, ऐसे में महंगा तेल देश की महंगाई के लिए बड़ा खतरा बन गया है.

ऑटो और FMCG में मची भगदड़

आज के कारोबार में सबसे ज्यादा मार ऑटोमोबाइल और FMCG सेक्टर पर पड़ी. एलपीजी की कमी की आशंका और बढ़ती इनपुट कॉस्ट के डर से टीवीएस मोटर्स, अशोक लेलैंड और महिंद्रा एंड महिंद्रा जैसे शेयरों में 3.5% तक की गिरावट देखी गई. वहीं, कंज्यूमर स्टॉक्स जैसे जोमेटो और स्विगी में भी 4% से ज्यादा की गिरावट रही क्योंकि होटलों में गैस किल्लत की खबरें आ रही हैं.

इन शेयरों में दिखी तेजी

बाजार की इस चौतरफा गिरावट के बीच कुछ शेयरों ने निवेशकों को राहत भी दी. गैस संकट की वजह से लोग अब इलेक्ट्रिक कुकिंग की ओर बढ़ रहे हैं, जिसका फायदा TTK Prestige को मिला. पिछले 5 दिनों में यह शेयर 20% तक चढ़ चुका है. इसके अलावा, सोलर और ग्रीन एनर्जी सेक्टर के शेयरों में भी खरीदारी देखने को मिली.

Advertisement

निवेशक अब क्या करें?

मार्केट एक्सपर्ट का मानना है कि जब तक मिडिल ईस्ट में तनाव कम नहीं होता, बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रहेगी. आज शाम आने वाले रिटेल महंगाई के आंकड़े भी बाजार की अगली दिशा तय करेंगे. फिलहाल निवेशकों को इंतजार की रणनीति अपनानी चाहिए और केवल मजबूत फंडामेंटल वाले शेयरों में ही लंबी अवधि के लिए निवेश पर प्लान बनाना चाहिए.

Featured Video Of The Day
Assam Elections 2026 | Priyanka Gandhi EXCLUSIVE! असम को लेकर NDTV पर किए कई खुलासे